Tata Motors : कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स के शेयरों में आज 29 नवंबर को 2 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। इस समय यह स्टॉक 2.42 फीसदी की बढ़त के साथ 714.35 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है, जो कि इसका 52-वीक हाई है। टाटा टेक्नोलॉजीज के आईपीओ में निवेशकों ने जमकर दांव लगाया है और अब मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद भी जताई जा रही है। लिस्टिंग से पहले निवेशक टाटा मोटर्स के शेयरों में जमकर निवेश कर रहे हैं।
टाटा टेक्नोलॉजीज की हो सकती है मजबूत लिस्टिंग
टाटा टेक्नोलॉजीज 2004 में टीसीएस के बाद टाटा ग्रुप की पहली लिस्टिंग होगी। एनालिस्ट्स का मानना है कि दमदार सब्सक्रिप्शन डिमांड और इनवेस्टर फ्रेंडली प्राइसिंग को देखते हुए निवेशकों को 75 फीसदी से अधिक का मजबूत लिस्टिंग गेन मिल सकता है।
ग्रे मार्केट में भी टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयरों का जलवा बरकरार है। आज 29 नवंबर को यह स्टॉक 500 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 399 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर कर रहा है। इसका मतलब है कि निवेशकों को लिस्टिंग पर 80 फीसदी का बंपर मुनाफा होने की संभावना है।
ग्रे मार्केट एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है जहां आईपीओ में आवंटन से पहले और लिस्टिंग के दिन तक शेयरों का ट्रेड होता है। निवेशक आमतौर पर लिस्टिंग प्राइस का अंदाजा लगाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं।
क्या है एक्सपर्ट्स की राय
मेहता इक्विटीज़ के सीनियर VP रिसर्च प्रशांत तापसे ने कहा, "इस बात की बहुत अधिक संभावना है कि टाटा टेक्नोलॉजीज लिस्टिंग के बाद डबलर-उम्मीदवार हो सकती है।" नवंबर के ऑटो बिक्री आंकड़ों से पहले टाटा मोटर्स के शेयर फोकस में थे। नोमुरा इंडिया का अनुमान है कि आने वाले महीने में टाटा मोटर्स PV की बिक्री सालाना आधार पर 4 फीसदी कम होकर 44,000 रहेगी।
टाटा मोटर्स एक बुलिश शॉर्ट टर्म आउटलुक दिखा रही है। एनालिस्ट्स ने कहा कि स्टॉक ने अपना ओवरऑल अपट्रेंड का रुख फिर से शुरू कर दिया है और पिछले एक महीने में इसमें 13 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। अगले चार से छह हफ्तो में टाटा मोटर्स 790-800 रुपये तक जा सकता है। उन्होंने कहा कि दबाव में आने के लिए स्टॉक को 670 रुपये से नीचे आना होगा।
टाटा मोटर्स के लिए फाइनेंशियल आउटलुक आशावादी है, क्योंकि एनालिस्ट्स को कंपनी की लक्जरी कार यूनिट जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) में मजबूत ग्रोथ की उम्मीद है। टाटा टेक्नोलॉजीज आईपीओ के सफल समापन के बाद एनालिस्ट्स ने जेएलआर के अपेक्षित EBIT मार्जिन को 6 फीसदी से संशोधित कर 8 फीसदी कर दिया।