TCS Q4 Results: टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी का मुनाफा 29% बढ़ा, 31 रुपये का देगी डिविडेंड

TCS Q4 Results: टाटा ग्रुप की आईटी कंपनी TCS के Q4 रिजल्ट में मुनाफा 29% बढ़ा और रेवेन्यू भी उम्मीद से बेहतर रहा। साथ ही 31 रुपये डिविडेंड का ऐलान हुआ। क्या यह स्टॉक अब नई तेजी के लिए तैयार है या अभी दबाव बना रहेगा? जानिए डिटेल।

अपडेटेड Apr 09, 2026 पर 4:20 PM
Story continues below Advertisement
TCS का शेयर 1.2% की बढ़त के साथ 2,590 रुपये पर बंद हुआ।

TCS Q4 Results: देश की सबसे बड़ी IT कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) ने 9 अप्रैल को चौथी तिमाही (Q4 FY26) के नतीजे जारी किए। टाटा ग्रुप की सबसे बड़ी कंपनी का प्रदर्शन कुल मिलाकर बाजार के अनुमान के मुताबिक रहा। इसमें कुछ आंकड़े उम्मीद से बेहतर भी रहे।

मुनाफे में जोरदार उछाल

TCSका नेट प्रॉफिट दिसंबर तिमाही के 10,657 करोड़ रुपये से बढ़कर 13,718 करोड़ रुपये हो गया। यानी करीब 29% की बढ़त दर्ज हुई। यह आंकड़ा बाजार के अनुमान (करीब 13,727 करोड़ रुपये) के लगभग बराबर रहा।


रेवेन्यू 67,087 करोड़ रुपये से बढ़कर 70,698 करोड़ रुपये हो गया, यानी करीब 5% की बढ़त देखने को मिली। खास बात यह है कि यह आंकड़ा बाजार के अनुमान 69,370 करोड़ रुपये से बेहतर रहा। इससे टॉपलाइन में मजबूती दिखती है।

ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस कैसी रही

TCS का EBIT 17,870 करोड़ रुपये रहा, जो अनुमान से थोड़ा ज्यादा है। हालांकि, EBIT मार्जिन 25.3% रहा, जो अनुमान (25.4%) से थोड़ा कम है। यानी कमाई में हल्का दबाव जरूर दिखा है।

कंपनी ने कॉन्स्टेंट करेंसी में 1.2% की सीक्वेंशियल ग्रोथ दर्ज की है, जो अनुमान (1%) से बेहतर है। यह दिखाता है कि ग्लोबल अनिश्चितता के बावजूद कंपनी धीरे-धीरे ग्रोथ बनाए हुए है।

डिविडेंड का ऐलान

TCS ने अपने शेयरधारकों के लिए 31 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। हालांकि, इसकी रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं की गई है।

TCS को लेकर ब्रोकरेज हाउस अब भी पॉजिटिव बने हुए हैं। 51 एनालिस्ट्स में से 37 ने 'Buy' की सलाह दी है, 9 ने 'Hold' और 5 ने 'Sell' रेटिंग दी है। इससे साफ है कि ज्यादातर एक्सपर्ट्स को स्टॉक में आगे भी ग्रोथ की उम्मीद है।

TCS के शेयरों का हाल

रिजल्ट आने से पहले TCS का शेयर 1.2% की बढ़त के साथ 2,590 रुपये पर बंद हुआ। इस साल अब तक यह स्टॉक करीब 20% गिर चुका है। कंपनी का मार्केट कैप 9.36 लाख करोड़ रुपये है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।