TD Power Systems: AC जनरेटर बनाने वाली कंपनी का शेयर 9% से ज्यादा उछला, Q2 में मुनाफा 105.58% बढ़ा

Q2 नतीजों के अगले दिन TD Power Systems के शेयर में जोरदार तेजी आई और ये 9.42% चढ़कर 685 रुपये तक पहुंच गया। कंपनी का मुनाफा 105.58% बढ़ा है और उसने FY27 का रेवेन्यू गाइडेंस भी बढ़ाया है।

अपडेटेड Nov 13, 2026 पर 10:55 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Q2 नतीजों के अगले दिन TD Power Systems के शेयर में जोरदार तेजी आई।

AC जनरेटर और इलेक्ट्रिक मोटर बनाने वाली TD Power Systems के शेयर में शुक्रवार, 13 नवंबर को जोरदार तेजी आई। एक दिन पहले कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे। इनमें मुनाफा पिछले साल की इसी तिमाही से दोगुने से भी ज्यादा निकला। इसका असर बाजार खुलते ही दिखा और शेयर 685 रुपये के इंट्राडे हाई तक दौड़ गया।

बाजार खुलते ही उछला शेयर

गुरुवार को TD Power Systems का शेयर 626 रुपये पर बंद हुआ था। शुक्रवार सुबह ये 653.20 रुपये पर खुला, यानी शुरुआत में ही 4.35% की बढ़त। खरीदारी यहीं नहीं रुकी। सुबह 10:20 बजे शेयर 685 रुपये तक चढ़ गया, जो पिछले बंद भाव से 9.42% ऊपर है। ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे आने के बाद भी शेयर मजबूती से टिका रहा। 10:35 बजे ये 7.84% की बढ़त के साथ 675.05 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।


2 साल में 235% रिटर्न

TD Power Systems में तेजी सिर्फ एक दिन की नहीं है। एक हफ्ते में शेयर 17% तक चढ़ चुका है, जबकि 6 महीने में इसने 15% की बढ़त दिखाई है। इस साल अब तक शेयर 101% चढ़ चुका है। इसका मतलब है कि साल की शुरुआत में लगाए गए 1 लाख रुपये अब 2 लाख रुपये से ज्यादा हो चुके होते। 2 साल की बात करें तो शेयर 235% का रिटर्न दे चुका है। इस हिसाब से 1 लाख रुपये बढ़कर 3.35 लाख रुपये हो चुके होते।

कैसे रहे Q2 नतीजे?

Q2FY27 में कंपनी का कंसॉलिडेटेड मुनाफा 105.58% उछलकर 123.74 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल की इसी तिमाही में ये आंकड़ा 60.19 करोड़ रुपये था।

कमाई में भी तेज बढ़त दिखी। रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस 85.94% बढ़कर 841.31 करोड़ रुपये रहा, जो Q2FY26 में 452.46 करोड़ रुपये था। EBITDA 110.11% की छलांग लगाकर 83 करोड़ रुपये से 174 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सबसे अहम बात ये रही कि कंपनी हर 100 रुपये की कमाई पर पहले से ज्यादा बचा रही है। EBITDA मार्जिन 18.26% से बढ़कर 20.63% हो गया है।

डिविडेंड का भी किया ऐलान

नतीजों के साथ कंपनी ने शेयरहोल्डर्स के लिए डिविडेंड का भी ऐलान किया है। 31 मार्च 2027 को खत्म होने वाले वित्त वर्ष के लिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 0.65 रुपये का अंतरिम डिविडेंड मिलेगा। इसकी रिकॉर्ड डेट 18 नवंबर तय की गई है। ऐलान के 30 दिन के भीतर डिविडेंड का पेमेंट कर दिया जाएगा।

ऑर्डर की भरमार

बाजार को नतीजों के साथ-साथ कंपनी की आगे की तस्वीर भी पसंद आई। कंपनी का कहना है कि ऑर्डर इनफ्लो बहुत मजबूत है और सभी सेगमेंट में पाइपलाइन जबरदस्त बनी हुई है।

कंपनी ने कहा, "ऑर्डर इनफ्लो का रन-रेट हर तिमाही बढ़ रहा है और ये प्रति तिमाही 750-800 करोड़ रुपये के पार निकल चुका है। इससे पूरा जोर एग्जीक्यूशन पर आ गया है, और कंपनी इनफ्लो रेट के करीब डिलीवरी करने की अच्छी स्थिति में है।"

कंपनी के मुताबिक, FY27 और FY28 के लिए आउटलुक मजबूत है। इसी भरोसे के साथ उसने FY27 के लिए अपना फाइनल रेवेन्यू गाइडेंस बढ़ाकर 2,900 से 3,000 करोड़ रुपये कर दिया है।

ICICI Direct ने चुने ये 4 शेयर, दिख रहा 26% से ज्यादा कमाई का मौका!

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।