IT कंपनी टेक महिंद्रा के शेयर में 16 अक्टूबर को अच्छी तेजी है। शुरुआती कारोबार में शेयर पिछले बंद भाव से 7.5 प्रतिशत तक उछला और BSE पर कीमत 1,774 रुपये के हाई तक गई। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.73 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। एक दिन पहले कंपनी ने जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 32.74 प्रतिशत बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 1,194.5 करोड़ रुपये रहा था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 15.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 16,180.2 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 13,994.9 करोड़ रुपये था। कंपनी को नए सौदों से कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू (टीसीवी) के आधार पर 102.3 करोड़ डॉलर के बिजनेस मिले। यह आंकड़ा एक साल पहले की तुलना में 25.4 प्रतिशत अधिक है।
शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर एक सप्ताह में 16 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत लगभग 50 प्रतिशत चढ़ी है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,850 रुपये और एडजस्टेड लो 1,304.25 रुपये है।
अंतरिम डिविडेंड और बोनस शेयरों का ऐलान
टेक महिंद्रा ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 15 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। रिकॉर्ड डेट 23 अक्टूबर 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। डिविडेंड का पेमेंट 13 नवंबर तक कर दिया जाएगा।
इसके अलावा कंपनी ने 1:1 के रेशियो में बोनस शेयरों की भी घोषणा की है। शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 1 शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिलेगा। इस कॉरपोरेट एक्शन के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा बाद में की जाएगी।
Tech Mahindra के शेयर पर ब्रोकरेज की राय
HSBC ने टेक महिंद्रा के शेयर पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 1,800 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि टेक महिंद्रा के दूसरी तिमाही के नतीजे उम्मीद से थोड़े बेहतर रहे हैं। साथ ही, अन्य बड़ी IT कंपनियों की तुलना में इसकी ग्रोथ की रफ्तार भी काफी मजबूत बनी हुई है। HSBC के मुताबिक, कंपनी अपने 15 प्रतिशत EBIT मार्जिन के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। साथ ही उम्मीद है कि मैनेजमेंट ग्रोथ को बनाए रखने पर सबसे ज्यादा जोर देगा।
CLSA ने 'होल्ड' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 1,494 रुपये प्रति शेयर तय किया है। नोमुरा ने टेक महिंद्रा के स्टॉक पर 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है। नुवामा ने 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और 1,950 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसके पीछे मजबूत डील मिलना और कमाई में ग्रोथ की संभावना मुख्य कारण हैं।
नुवामा को उम्मीद है कि अगले दो वर्षों में टेक महिंद्रा की कमाई की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) 25 प्रतिशत रहेगी। चॉइस इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने इस स्टॉक पर 'ऐड' रेटिंग और 1,775 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।