Tech Stocks : नए जमाने की टेक कंपनियों में एक बार फिर तेजी की संभावना बन रही है। ऐसे में एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये स्टॉक्स निवेशकों को अपनी ओर आकर्षित कर सकते हैं। ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी Zomato ने FY24 में लगातार दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। ऑनलाइन फूड एग्रीगेटर ने 3 नवंबर को ऐलान किया कि उसने सितंबर तिमाही में 36 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। तिमाही आधार पर कंपनी के मुनाफे में 18 गुना की बढ़ोतरी हुई है।
Zomato का मार्केट कैप एक लाख करोड़
इसके साथ ही कंपनी एक लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप क्लब में फिर से शामिल हो गई है। बीते शुक्रवार को निवेशकों ने कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी की। कंपनी के शेयर BSE पर 8.28 फीसदी बढ़कर 116.40 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इसके साथ ही इसका मार्केट कैप बढ़कर 1,00,155.75 करोड़ रुपये हो गया है।
लिस्टिंग पर कराया अच्छा-खासा मुनाफा
पेटीएम से लेकर पॉलिसीबाजार तक मई 2022 तक 15 महीने की अवधि में नौ कंपनियां पब्लिक हुईं हैं। नायका और पेटीएम ने नवंबर 2021 में शुरुआत की। वहीं, EaseMyTrip और Nazara Tech उसी साल मार्च में लिस्ट हुए हैं।
पेटीएम को छोड़कर इनमें से ज्यादातर कंपनियों ने लिस्टिंग डे पर अच्छा-खासा मुनाफा कराया। पेटीएम के शेयर लिस्टिंग डे पर 2,150 के अपने ऑफर प्राइस के मुकाबले 27.4 फीसदी कम कीमत पर बंद हुए थे। नायका के शेयरों ने पहले ही दिन लगभग दोगुना मुनाफा कराया तो वहीं, लिस्टिंग पर Zomato ने 66 फीसदी और Nazara Tech ने 45 फीसदी रिटर्न दिया।
वैल्यूएशन और ग्लोबल इकोनॉमिक स्लोडाउन पर चिंताओं ने ज्यादातर टेक कंपनियों पर असर डाला। इसके चलते, पेटीएम के शेयर अपने हाई से लगभग 80 फीसदी तक गिर गए। इसके अलावा, अन्य कंपनियों को भी नेगेटिव सेंटीमेंट का सामना करना पड़ा।
Zomato का मार्केट वैल्यूएशन लिस्टिंग के चार महीनों में बढ़कर ₹1.3 लाख करोड़ हो गया था और फिर जुलाई 2022 में गिरकर ₹32,794 करोड़ पर आ गया। इसके अलावा Paytm और Nykaa का भी एक समय में ₹1 लाख करोड़ से अधिक का मार्केट वैल्यूएशन था।
हालांकि, अतिरिक्त लागत में कटौती करके प्रॉफिटेबिलिटी पर फोकस करने वाली कंपनियों के साथ इन नौ कंपनियों का कंबाइंड मार्केट कैप उनके रिकॉर्ड निचले स्तर से दोगुना हो गया, जो शुक्रवार के बंद होने पर ₹3 लाख करोड़ के करीब था।