रुपये में आई जोरदार मजबूती और अमेरिकी में महंगाई में आई कमी के चलते यूएस फेड द्वारा ब्याज दरों में की जा रही बढ़ोतरी के दौर पर विराम लगने की उम्मीद के बीच कल के कारोबार में भारतीय बाजार करीब 13 महीने के हाई पर बंद हुआ। सेंसेक्स कल 1181.34 अंक यानी 1.95 फीसदी की बढ़त के साथ 61795.04 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 30.50 अंक यानी 1.78 फीसदी की बढ़त के साथ 18349.70 के स्तर पर बंद हुआ। इस बीच Envision Capital के सीईओ और फाउंडर नीलेश शाह ने CNBC-TV18 के साथ बाजार की आगे की दशा-दिशा पर एक लंबी बातचीत की है। यहां हम आपको उनकी बातचीत का संपादित अंश दे रहे हैं।
अमेरिकी बाजार में आई तेजी
इस बातचीत में उन्होंने कहा कि अमेरिकी बाजार में आई तेजी एक बहुत अच्छी खबर है। भारत ने तमाम ग्लोबल चुनौतियों के बीच दुनिया के दूसरे बाजारों के तुलना में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। ग्लोबल स्तर पर एक बार फिर माहौल सुधरने से अब भारतीय बाजारों को नए हाई पर पहुंचने का ईंधन मिलेगा।
अगले कुछ महीने भारत के लिए काफी अच्छे
शाह ने आगे कहा कि अगले कुछ महीने भारत के लिए काफी अच्छे रहने वाले हैं। जनवरी के शुरुआत में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में नए कैलेंडर ईयर के लिए नए एलोकेशन देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही इस बात की भी उम्मीद है कि भारतीय बॉन्ड ग्लोबल इंडेक्स का हिस्सा बन सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले कैलेंडर ईयर की पहली तिमाही में सरकार आईडीबीआई बैंक का निजीकरण पूरा करना चाहती है। ऐसे में भारतीय बाजार का माहौल अच्छा रहने की उम्मीद है। उन्होंने ये भी कहा कि आगे हमें पूरी दुनिया के साथ भारत में भी महंगाई में नरमी आती दिख सकती है। जिससे ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर केंद्रीय बैंकों का रुख नरम हो सकता है।
पूरे ऑटो पैक में ऑटो कंपोनेंट सेक्टर ज्यादा बेहतर
बाजार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आगे हमें पूरे ऑटो पैक में ऑटो कंपोनेंट सेक्टर ज्यादा बेहतर प्रदर्शन करता नजर आ सकता है। हालांकि पूरा ऑटो सेक्टर ही अच्छा नजर आ रहा है। इसके अलावा टेक्नोलॉजी सेक्टर में भी मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है। हालांकि मार्जिन में थोड़ी कमी आई है। फिर भी ये मजबूत स्तर पर है। ऐसे में हम कह सकते हैं कि टेक्नोलॉजी से जुड़े शेयर अब अपनी कमजोरी के दौर से बाहर निकलकर गति पकड़ते नजर आ सकते हैं। इसके अलावा डिफेंस भी एक ऐसा सेक्टर है। जो निवेश के नजरिए से काफी अच्छा नजर आ रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।