सिंगापुर की सरकारी निवेश फर्म टेमासेक ने ओपन मार्केट ट्रांजेक्शन के जरिए कारट्रेड टेक में लगभग 4 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची है। यह डील 470 करोड़ रुपये में हुई। BSE पर उपलब्ध बल्क डील डेटा के अनुसार, टेमासेक ने अपनी सहयोगी कंपनी 'मैकरिची इनवेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड' के जरिए कारट्रेड टेक के 18.20 लाख शेयर बेचे। ये शेयर कंपनी की 3.74 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। बिक्री 2,583 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर की गई। इससे डील की कुल वैल्यू 470.10 करोड़ रुपये हो गई।
इस ताजा सौदे के बाद, कारट्रेड में मैकरिची इनवेस्टमेंट्स के जरिए टेमासेक की हिस्सेदारी 6.82 प्रतिशत से घटकर 3.08 प्रतिशत रह गई है। शेयर खरीदने वालों में अमेरिका के कैपिटल ग्रुप की इकाई 'स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड इंक' और नॉर्वे का गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल शामिल है। इन्होंने मिलकर कारट्रेड के 17.23 लाख से ज्यादा शेयर 445 करोड़ रुपये में खरीदे हैं।
CarTrade Tech का शेयर एक सप्ताह में 23 प्रतिशत चढ़ा
कारट्रेड टेक के शेयर की वर्तमान कीमत BSE पर 2,699.30 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 13100 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक सप्ताह में 23 प्रतिशत और 6 महीनों में लगभग 50 प्रतिशत चढ़ा है। 2 साल में कीमत 126 प्रतिशत मजबूत हुई है। वहीं 3 साल में 283 प्रतिशत चढ़ी है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
सितंबर तिमाही में मुनाफा घटा
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कारट्रेड टेक का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 0.30 प्रतिशत घटकर 59.48 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 59.66 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 10.17 प्रतिशत बढ़कर 213.09 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सितंबर 2025 तिमाही में रेवेन्यू 193.41 करोड़ रुपये था। EBITDA (ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई) 19.52 प्रतिशत बढ़कर 76 करोड़ रुपये रही। EBITDA मार्जिन बढ़कर 35.67 प्रतिशत हो गया। सितंबर 2026 तिमाही में खर्च 150.77 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 142.22 करोड़ रुपये के थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।