30 नवंबर को बाजार में लगातार 7वें दिन तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स-निफ्टी कल नए रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए। वीकली एक्सपायरी के पहले बैंकिंग शेयर भी जोश में रहे और बैंक निफ्टी (Bank Nifty) में भी रिकॉर्ड क्लोजिंग हाई देखने को मिला। FIIs (विदेशी संस्थागत निवेशक) तरफ से हो रही खरीदारी और पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों से बाजार को सहारा मिला। Sensex कल 418 अंक बढ़कर 63100 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, Nifty 140 अंकों की बढ़त लेकर 18758 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी ने कल डेली चार्ट पर एक बुलिश कैंडल बनाया। इसके साथ लगातार छठें कारोबारी सत्र में निफ्टी हायर हाईज फॉर्मेशन बनाता दिखा। कल दिग्गजों की तरह ही छोटे और मझोले शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली थी। Nifty Midcap 100 index कल 1 फीसदी बढ़त लेकर बंद हुआ था। वहीं, Smallcap 100 index 0.60 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ था।
