Trade Spotlight : 2 अगस्त को हमें बाजार में 21 जुलाई के बाद की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट देखने को मिली। इसके चलते निफ्टी 50 इंडेक्स तीन हफ्ते के निचले स्तर के करीब पहुंच गया। लेकिन निचले स्तरों पर आई खरीदारी के कारण ये 19500 पर अच्छा सपोर्ट लेने में कामयाब रहा। ऐसे में बाजार जानकारों का मानना है कि अगर निफ्टी इस स्तर को तोड़ देता है, तो आने वाले सत्रों में इसको 19400-19300 के स्तर पर अगला सपोर्ट मिल सकता है। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 19600-19700 पर शॉर्ट टर्म में रजिस्टेंस देखने को मिल सकता है। निफ्टी 50 इंडेक्स कल 200 अंक से ज्यादा गिरकर 19527 पर बंद हुआ था। डेली चार्ट पर इसने एक बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया था। वहीं ग्लोबल बाजारों की कंमजोरी के बीच बीएसई सेंसेक्स 677 अंक गिरकर 65 783 पर बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद कल हमें ब्रॉडर मार्केट में भी गिरावट देखने को मिली है। कल निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.3 फीसदी की गिरावट आई और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 1.6 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी। बैंक निफ्टी भी दबाव में था और लगभग 600 अंक गिरकर 44996 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी आईटी लगभग 250 अंक गिरकर 30044 पर बंद हुआ था।
कल के कारोबारी सत्र में जो स्टॉक जोरदार एक्शन में थे उनमें केईआई इंडस्ट्रीज, सुजलॉन एनर्जी और पीवीआरआईनॉक्स शामिल हैं। पिछले कुछ सत्रों में आए बड़े करोक्शन के बाद केईआई इंडस्ट्रीज कल 4.5 फीसदी बढ़कर 2373 रुपये पर पहुंच गया। स्टॉक ने औसत से ज्यादा वॉल्यूम के साथ डेली चार्ट पर बुलिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है और 50-डे ईएमए (एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज) से ऊपर बंद हुआ है।
Buzzing Stocks Today:टाइटन, एचपीसीएल, इंडिगो, मैनकाइंड फार्मा और अन्य स्टॉक पर रखें फोकस
पीवीआर इनॉक्स (PVRInox) में कल लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही। ये स्टॉक 2.8 फीसदी बढ़कर 1609 रुपये पर बंद हुआ। ये इस साल 22 फरवरी के बाद का इसका हाइएस्ट क्लोजिंग लेवल है। इस तेजी के साथ, स्टॉक फिर से अपने 200-डे ईएमए से ऊपर आ गया है। पिछले कुछ हफ्तों के दौरान इसके ट्रेडिंग वॉल्यूम में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली है।
सुजलॉन एनर्जी भी कल 4 फीसदी से ज्यादा गिरकर 18.50 रुपये पर बंद हुआ। इसने डेली चार्ट पर औसत से ज्यादा वॉल्यूम के साथ लान्ग बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न का गठन किया। स्टॉक अभी भी अपने अहम मूविंग एवरेज (21, 50 और 200-डे ईएमए) से ऊपर बना हुआ है।
आइए देखते हैं अब इन स्टॉक्स पर क्या है आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के जिगर एस पटेल की सलाह है
पीवीआर इनॉक्स (PVRInox) : हाल ही में इस काउंटर में वीकली स्केल पर 1450-1550 के संभावित रिवर्सल जोन के साथ एक बुलिश बैट पैटर्न बनता दिखा है। इसका वर्तमान बाजार भाव इस जोन से काफी ऊपर है। इसके अलावा ये स्टॉक डेली स्केल पर अपने सभी अहम ईएमए से ऊपर बना हुआ है। ये भी स्टॉक में तेजी कायम रहने को संकेत है। ऐसे में इस स्टॉक में 1740 रुपये के लक्ष्य के साथ 1600-1620 रुपये की रेंज में खरीदारी की जा सकती है। डेली क्लोजिंग बेसिस पर स्टॉप-लॉस 1510 रुपये पर लगाएं।
सुजलॉन एनर्जी (Suzlon Energy) : वर्तमान में, सुजलॉन में डेली स्केल पर एक बियरिश डाइवर्जेंस दिया है, जिसमें आरएसआई लोअर हाई बना रहा है और इसकी प्राइस में हायर हाई देखने को मिल रहा है। ऐसे में स्टॉक में नई खरीदारी से बचना चाहिए। अगर स्टॉक पहले से ही किसी के पास है तो 18-19 रुपये के दायरे में इसमें मुनाफा बुक करना चाहिए।
केईआई इंडस्ट्रीज (KEI Industries) : इस स्टॉक में तेजी के संकेत कायम है। ऐसे में इसमें 2360-2380 रुपए के रेंज में, 2600 रुपए के लक्ष्य के लिए खरीदारी की सलाह होगी। डेली क्लोजिंग बेसिस पर 2200 रुपए का स्टॉप लॉस जरूर लगाएं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।