Trending stocks : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शेयर का काफी ज्यादा फोकस में है। इस शेयर ने तीन महीने में 80 फीसदी की दौड़ लगाई है। एक बड़ी फिल्म प्रोडक्शन से कंपनी की किस्मत पलटने की बातें हो रही हैं। सवाल यह है कि इसकी तेजी कितनी टिकाऊ नजर आ रही है? सबसे पहले बात कर लेते हैं इस शेयर की तेज रफ्तार पर। प्राइम फोकस का शेयर 1 महीने में 40 फीसदी और 3 महीने में 82 फीसदी भागा है। यह शेयर सोशल मीडिया पर लगातार ट्रेंड कर रहा है।
प्राइम फोकस में तेजी क्यों?
प्राइम फोकस रामायण फिल्म का प्रोडक्शन कर रही है। कंपनी ने हाल ही में 46 करोड़ शेयरों का प्रेफरेंशियल शेयर अलॉटमेंट किया है। कंपनी की तरफ से रणबीर कपूर को 12.5 लाख प्रेफरेंशियल शेयर अलॉट किए गए है। अब सवाल ये है कि प्राइम फोकस की तेजी कितनी टिकाऊ? क्या एक मूवी इसका कायापलट कर देगी? आइए इसका जवाब खोजते हैं।
प्राइम फोकस: फाइनेंशियल्स नहीं हैं दमदार
प्राइम फोकस के फाइनेंशियल्स दमदार नहीं दिख रहे हैं। इसका ROCE 8 फीसदी और डेट/इक्विटी रेश्यो 6.43 गुना है। कंपनी का मार्केट कैप 5286 करोड़ रुपए है। वहीं, वित्त वर्ष 2025 के अंत तक इस पर 4879 करोड़ रुपए का कर्ज था। प्राइम फोकस में बड़े निवेशक भी गायब हैं। DII's की कंपनी में कोई हिस्सेदारी नहीं है।
Market Strategy : निफ्टी 25000 के नीचे फिसला, अनुज सिंघल से जाने बाजार में अब क्या हो कमाई की रणनीति
ग्रोथ भी कमजोर, घाटा बना बड़ा सिरदर्द
प्राइम फोकस की ग्रोथ भी कमजोर है। 5 साल से इसकी सालाना आय ग्रोथ 4 फीसदी रही है। कपनी का घाटा एक बड़ा सिरदर्द है। कंपनी ने 12 साल में 9 बार घाटा दर्ज किया है। कंपनी के घाटे और मुनाफे के ट्रेंड पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2025 में कंपनी को 458 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। वहीं, वित्त वर्ष 2024 में इसको 488 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी को 194 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। जबकि वित्त वर्ष 2022 में इसको 174 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।