टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयरहोल्डर्स को दो तोहफे एक साथ मिलने वाले हैं। पहला है बोनस शेयर और दूसरा है डिविडेंड। बोनस इश्यू के लिए रिकॉर्ड डेट 4 जून है, जबकि डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 12 जून है। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बोनस शेयर और डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
ट्रेंट, टाटा ग्रुप का फैशन और लाइफस्टाइल बिजनेस है। कंपनी के Westside, Zudio और Star जैसे ब्रांड्स के तहत रिटेल स्टोर हैं। बोनस इश्यू के तहत कंपनी शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 2 शेयरों पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर दे रही है। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 के लिए फाइनल डिविडेंड के तौर पर 6 रुपये प्रति शेयर का अमाउंट दे रही है।
डिविडेंड पर ट्रेंट की 23 जून को होने वाली सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर पेमेंट 26 जून को या उसके बाद किया जाएगा। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। ट्रेंट ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 5 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था।
Trent का शेयर एक साल में 25 प्रतिशत कमजोर
ट्रेंट के शेयर की कीमत शुक्रवार, 29 मई को BSE पर 4230.60 रुपये थी। कंपनी का मार्केट कैप 1.50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर एक साल में 25 प्रतिशत नीचे आया है। 3 साल में यह 175 प्रतिशत और 5 साल में 410 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देख चुका है। 10 साल में कीमत 2280 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ी है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 37.01 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
अप्रैल महीने में ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए 5250 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। HSBC ने टारगेट प्राइस घटाकर 4800 रुपये कर दिया था। लेकिन 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी थी। गोल्डमैन सैक्स ने 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी थी। टारगेट प्राइस बढ़ाकर 4330 रुपये किया था। मॉर्गन स्टेनली ने 'ओवरवेट' रेटिंग बनाए रखते हुए 4835 रुपये का टारगेट सेट किया था। एलारा कैपिटल ने 'एक्युमुलेट' रेटिंग बरकरार रखते हुए 4800 रुपये का टारगेट दिया था। HDFC Securities ने शेयर की रेटिंग को घटाकर 'एड' कर दिया था। टारगेट प्राइस रिवाइज करके 4500 रुपये प्रति शेयर कर दिया था।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 4,936.64 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध स्टैंडअलोन मुनाफा 454.75 करोड़ रुपये और अर्निंग्स प्रति शेयर 12.79 करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 19,701.41 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 1,967.82 करोड़ रुपये और अर्निंग्स प्रति शेयर 55.36 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।