40% ग्रोथ और मुनाफे का प्लान बताते ही ₹64 वाले शेयर में लगा अपर सर्किट! Motilal Oswal ने भी दिया है ₹75 का टारगेट

Turtlemint ने FY27 के लिए 40% रेवेन्यू ग्रोथ, पॉजिटिव एडजस्टेड EBITDA और PAT लेवल पर मुनाफे का लक्ष्य रखा है, जिसके बाद शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गया। Q2 में घाटा घटकर 25.7 करोड़ रुपये रह गया। जानिए नतीजों की डिटेल और Motilal Oswal की राय।

अपडेटेड Nov 13, 2026 पर 2:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Turtlemint का शेयर शुक्रवार को 5% चढ़कर 64.44 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गया।

Turtlemint के शेयर में शुक्रवार को जोरदार खरीदारी दिखी। शेयर 5% चढ़कर 64.44 रुपये पर पहुंचा और उस पर अपर सर्किट लग गया। ये तेजी कंपनी के उस बयान के बाद आई, जिसमें उसने FY27 में 40% रेवेन्यू ग्रोथ और PAT लेवल पर मुनाफे में आने का लक्ष्य बताया। ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने भी शेयर पर 75 रुपये का टारगेट बरकरार रखा है। अपर सर्किट के बाद भी ये टारगेट मौजूदा भाव से 16.39% ऊपर है।

अपर सर्किट में लॉक हुआ शेयर

गुरुवार को Turtlemint का शेयर 61.38 रुपये पर बंद हुआ था। शुक्रवार को ये मामूली गिरावट के साथ 61.29 रुपये पर खुला। शुरुआत भले ही ठंडी रही, लेकिन इसके बाद खरीदारी तेज होती गई। शेयर 5% चढ़कर 64.44 रुपये पर पहुंच गया और यहीं अपर सर्किट लग गया। शेयर का 52 हफ्ते का हाई 159.95 रुपये और लो 51.85 रुपये है। आज की तेजी के बाद भी शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई से 59.71% नीचे है।


FY27 का प्लान

CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में कंपनी ने बताया कि FY27 में उसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 40% बढ़ सकता है। कंपनी को इसी साल पॉजिटिव एडजस्टेड EBITDA और PAT लेवल पर मुनाफा हासिल करने की उम्मीद है।

डिजिटल पार्टनर्स को लेकर भी कंपनी ने अपने लक्ष्य बताए। वेरिफाइड और एक्टिव डिजिटल पार्टनर्स की हिस्सेदारी FY27 तक 14% और FY28 तक 15% पहुंचने की उम्मीद है। FY27 में एक्टिवेटेड डिजिटल पार्टनर्स की कुल संख्या 30% बढ़ सकती है। इंश्योरेंस के अलावा कंपनी अब लोन, म्यूचुअल फंड, हेल्थ और वेलनेस सेगमेंट में भी अपना डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार फैलाना चाहती है।

नतीजे अनुमान से बेहतर

Motilal Oswal के मुताबिक, Turtlemint का रेवेन्यू अनुमान के मुताबिक रहा, जबकि मुनाफे के मोर्चे पर नतीजे उम्मीद से बेहतर निकले। सितंबर तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू सालाना आधार पर 35% बढ़कर 340 करोड़ रुपये पहुंच गया। FY27 की पहली छमाही में रेवेन्यू 37% बढ़ा है। सर्विस EBITDA 50% उछलकर 45 करोड़ रुपये रहा, जो ब्रोकरेज के अनुमान से 9% ज्यादा है। सर्विस EBITDA मार्जिन भी पिछले साल की इसी तिमाही के 10% से सुधरकर 13.2% हो गया।

घाटे में भी अच्छी कमी आई। EBITDA लेवल पर घाटा 36 करोड़ रुपये से घटकर 21 करोड़ रुपये रह गया। Motilal Oswal ने 25.9 करोड़ रुपये के घाटे का अनुमान लगाया था। नेट घाटा 25.7 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 46.2 करोड़ रुपये था। ब्रोकरेज ने 33.2 करोड़ रुपये के नेट घाटे का अनुमान लगाया था।

प्रीमियम 55% बढ़ा, रिन्यूअल से भी सहारा

सितंबर तिमाही में प्लेटफॉर्म प्रीमियम 55% बढ़कर करीब 1210 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 780 करोड़ रुपये था। FY27 की पहली छमाही में प्लेटफॉर्म प्रीमियम का 75.6% हिस्सा B30 बाजारों में बांटा गया, जो एक साल पहले 74.3% था।

ब्रोकरेज के मुताबिक, रिन्यूअल रेवेन्यू 42% बढ़कर 71 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 50 करोड़ रुपये था। Motilal Oswal का कहना है कि हेल्थ और मोटर इंश्योरेंस की मांग के दम पर कंपनी का वॉल्यूम लगातार तेजी से बढ़ रहा है। नए कारोबार में ग्रोथ और रिन्यूअल में बढ़त ने वॉल्यूम और मुनाफे, दोनों को सहारा दिया है।

Motilal Oswal को किस बात पर भरोसा?

ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी लगातार पॉइंट-ऑफ-सेल पर्सन्स (PoSPs) जोड़ रही है। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स और ट्रेनिंग के जरिए उनकी प्रोडक्टिविटी बढ़ाने में निवेश कर रही है। Motilal Oswal के मुताबिक, इससे मुनाफे के साथ ग्रोथ को सहारा मिल सकता है।

मैनेजमेंट का फोकस ऐसे पार्टनर्स की संख्या बढ़ाने पर भी है, जो एक से ज्यादा कैटेगरी के प्रोडक्ट बेचें। इसके लिए ट्रेनिंग, ग्राहक के स्तर पर लीड की पहचान और सेंट्रलाइज्ड एक्सपर्ट सपोर्ट का सहारा लिया जा रहा है। ब्रोकरेज ने ये भी बताया कि जरूरत पड़ने पर कंपनी के पास करीब 50-60 करोड़ रुपये के डिस्क्रिशनरी खर्च घटाने की गुंजाइश है।

Motilal Oswal ने अपने अनुमान लगभग बरकरार रखे हैं। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि FY26 से FY28 के बीच कंपनी का रेवेन्यू 36% की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ेगा।

डिस्ट्रीब्यूशन रिफॉर्म्स पर टिकी नजर

ब्रोकरेज ने एक जोखिम की ओर भी ध्यान दिलाया है। डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े फाइनल रिफॉर्म्स का ऐलान अभी होना बाकी है। Motilal Oswal के मुताबिक, सबसे खराब हालात में इन रिफॉर्म्स से FY28 में कंपनी के रेवेन्यू पर 30% तक का असर पड़ सकता है। करीब 50 करोड़ रुपये के खर्च में कटौती करके इस असर की कुछ हद तक भरपाई हो सकती है।

Black Box Q2 Results: मुनाफा 31% बढ़ा और ऑर्डर बुक पहुंची 1.04 अरब डॉलर पर, इस साल 72% चढ़ चुका है शेयर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।