IPO Market: बंपर कमाई के बाद नवंबर में लगा ब्रेक! 18 नवंबर को खुलेगा अगला इश्यू, 123 कंपनियां कतार में

IPO Market Update: सितंबर और अक्टूबर में ₹83,000 करोड़ जुटाने के बाद नवंबर में IPO बाजार अचानक ठंडा पड़ गया है। त्योहारी सीजन और Jio Platforms के ₹30,188 करोड़ के मेगा आईपीओ के दबाव के चलते कंपनियों ने अपने इश्यू रोक दिए थे। अब 18 नवंबर को ₹550 करोड़ का एक इश्यू खुलेगा जिससे फिर रौनक लौटने वाली है, जबकि 123 कंपनियां कतार में हैं

अपडेटेड Nov 12, 2026 पर 3:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jio Platforms के ₹30,188 करोड़ के मेगा आईपीओ के दबाव के चलते कंपनियों ने अपने इश्यू रोक दिए थे

IPO Market Update: सितंबर और अक्टूबर में रिकॉर्ड तोड़ फंड जुटाने के बाद नवंबर में भारतीय IPO बाजार की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गई है। इस महीने अब तक एक भी मेनबोर्ड कंपनी का सब्सक्रिप्शन के लिए नहीं खुला है। मनीकंट्रोल की जोया स्प्रिंगवाला की रिपोर्ट के अनुसार, त्योहारी सीजन और देश के सबसे बड़े Jio Platforms IPO के असर के चलते कंपनियों ने अपने इश्यू टाल दिए हैं।

वैसे इन्वेस्टमेंट बैंकर्स का मानना है कि आने वाले हफ्तों में बाजार में फिर से हलचल तेज होगी और Crystal Crop Protection समेत कुछ कंपनियां इस महीने के अंत तक बाजार में दस्तक दे सकती हैं।

सितंबर और अक्टूबर में बना था फंड जुटाने का महा-रिकॉर्ड


पिछले दो महीनों के दौरान प्राइमरी मार्केट में पैसों की जबरदस्त बारिश हुई थी। सितंबर में कुल 34 कंपनियों ने आईपीओ के जरिए बाजार से ₹39,381 करोड़ जुटाए थे। इसमें अकेले नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आईपीओ का योगदान ₹22,563 करोड़ रहा था।

अक्टूबर में सिर्फ 13 कंपनियों ने ही सितंबर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए कुल ₹44,506 करोड़ जुटाए। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा Jio Platforms IPO का था, जिसका इश्यू साइज ₹30,188 करोड़ रहा।

नवंबर में क्यों ठंडा पड़ा IPO बाजार?

प्रभुदास लीलाधर कैपिटल मार्केट्स के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर उदय पाटिल ने इस सुस्ती के पीछे दो बड़े कारण बताए हैं। पाटिल के मुताबिक, त्योहारों के चलते बैठकें टल रही हैं और लोग उपलब्ध नहीं हैं, यही वजह है कि कंपनियां फिलहाल बाजार में उतरने से बच रही हैं। उन्होंने साफ किया कि बाजार के सेंटीमेंट में कोई खराबी नहीं है और यह पूरी तरह मजबूत बना हुआ है।

Jio Platforms IPO का दबाव

उदय पाटिल ने बताया कि देश के सबसे बड़े Jio Platforms IPO का बाजार पर बड़ा असर था। कई कंपनियां नहीं चाहती थीं कि उनका इश्यू इस टेलीकॉम दिग्गज के आईपीओ से टकराए, क्योंकि बाजार की सारी लिक्विडिटी Jio की तरफ जाने की संभावना थी।

18 नवंबर को खुलेगा Crystal Crop का IPO

अब जबकि त्योहारी सीजन और Jio Platforms का आईपीओ पूरा हो चुका है, प्राइमरी मार्केट में फिर से तेजी आने की उम्मीद है। फिलहाल Crystal Crop Protection ने बाजार में उतरने की योजना बनाई है, जिसका करीब ₹550 करोड़ का आईपीओ 18 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा।

जानकारों का कहना है कि साल के अंत में छुट्टियों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की सालाना क्लोजिंग के कारण एक बार फिर आईपीओ बाजार में कुछ सुस्ती देखने को मिल सकती है।

SEBI से मंजूर 123 आईपीओ कतार में

पिछले 12 महीनों में 123 कंपनियों को सेबी से आईपीओ लाने की मंजूरी मिल चुकी है और वे बेहतर लॉन्च विंडो का इंतजार कर रही हैं। एक बैंकर के मुताबिक, आगामी वित्त वर्ष की समाप्ति (31 मार्च) से पहले इन इश्यूज की बाढ़ आ सकती है, बशर्ते सेकेंडरी मार्केट में स्थिरता बनी रहे।

डिस्क्लोमर: मनीकंट्रोल नेटवर्क18 समूह का हिस्सा है, जिसका नियंत्रण इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट के पास है और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) इसकी एकमात्र लाभार्थी है। शेयर बाजार या आईपीओ में निवेश जोखिमों के अधीन है, कोई भी निर्णय लेने से पहले अपने सर्टिफाइड वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।