यूएस फेड ने ब्याज दरों में नहीं किया कोई बदलाव, दरों में कटौती के लिए और बढ़ सकता है इंतजार

दो दिवसीय बैठक के अंत में जारी किए गए यूएस फेड के ताजे पॉलिसी स्टेटमेंट में आर्थिक मूल्यांकन और पॉलिसी गाइलाइंस के प्रमुख तत्वों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें कहा गया है कि पिछले साल के दौरान महंगाई कम हुई है

अपडेटेड May 02, 2024 पर 7:08 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
US FED ने बुधवार को लगातार तीसरी बार प्रमुख ब्याज दरों में बढ़ोतरी नहीं की

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बुधवार को ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करने का एलान किया है। साथ ही उसने ये संकेत भी दिया कि अभी भी उसका रुझान अंतत: दरों में कटौती की ओर ही है। लेकिन महंगाई के आंकड़ों में हालिया बढ़त के चलते दरों में कटौती की योजना खटाई में पड़ गई है। दो दिवसीय बैठक के अंत में जारी किए गए यूएस फेड के ताजे पॉलिसी स्टेटमेंट में आर्थिक मूल्यांकन और पॉलिसी गाइलाइंस के प्रमुख तत्वों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें कहा गया है कि पिछले साल के दौरान महंगाई कम हुई है।

महंगाई में अनुमान के मुताबिक बदलाव न दिखने की वजह से दरों में बदलाव नहीं

फेड ने एक सर्वसम्मति से अनुमोदित अपने बयान में दोहराया है कि महंगाई में अनुमान के मुताबिक बदलाव न दिखने की वजह से दरों को स्थिर रखा गया है। फेडरल रिजर्व ने आगे कहा कि फेडरल ओपन मार्केट कमेटी को लगता है कि जब तक इस बात का भरोसा नहीं मिल जाता कि महंगाई दर 2 फीसदी के तय लक्ष्य की ओर स्थिरता के साथ बढ़ रही है तब तक दरों में कटौती करना सही नहीं होगा।


दरों में कटौती शुरू होने के समय को लेकर उहापोह

फेड के इस फैसले से दरों में कटौती शुरू होने के समय को लेकर उहापोह की स्थित बन गई है। फेड अधिकारियों ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि 2024 के शुरुआती महीनों ने महंगाई में गिरावट के बहुत कमजोर संकेत मिले हैं।

बताते चलें कि जुलाई 2023 से बेंचमार्क नीति दर को मौजूदा 5.25-5.50 फीसदी की रेंज में बनाए रखा गया है। इस साल मार्च की शुरुआत में ही दर में कटौती की उम्मीद लगाई गई थी। लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। महंगाई आंकड़ों से पता चला कि महंगाई को 2 फीसदी के लक्ष्य की तरफ लानें कि दिशा में होने वाली प्रगति थम गई। मार्च में अमेरिकी में रिटेल महंगाई दर में सालाना आधार पर 2.7 फीसदी की बढ़त देखने को मिली थी। महंगाई में बढ़त की वजह से ब्याज दरों में कटौती की संभावना धूमिल पड़ती जा रही है।

US फेड से ब्याज दरों में कटौती में देरी के संकेत मिलने की उम्मीद

 लगातार छठी बार दरों में यथास्थिति बरकरार

गौरतलब है कि यूएस फेड ने लगातार छठी बार दरों में यथास्थिति बरकरार रखी है। फिलहाल यूएस फेड की नीति दर 5.25 से 5.5 फीसदी के स्तर पर स्थिर बनी हुई हैं। इसके साथ ही ये दरें 23 साल के हाई पर बनी हुई हैं। इससे पहले बढ़ती महंगाई पर लगाम लगाने के लिए फेडरल रिजर्व ने मार्च 2022 से दरों में बढ़ोतरी शुरू की थी और जुलाई 2023 तक दरों में बढ़त की थी। जुलाई 2023 से फेडरल रिजर्व ने दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।

यूएस फेड ने अपने बयान में आर्थिक विकास के अपने ओवरऑल आकलन में कोई फेरबदल नहीं किया है। इस बयान में कहा गया है कि अर्थव्यवस्था मजबूत गति से ग्रोथ कर रही है। नौकरियों की दर में मजबूती बनी हुई है और बेरोजगारी दर निचले स्तर पर बनी हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।