सोलर पावर कंपनी का मुनाफा 95% घटते ही एक दिन में 9% गिर गया शेयर, 2025 में आया था IPO
कंपनी के कमजोर Q2 नतीजों से शेयर में भारी बिकवाली हुई। जानिए मुनाफा और मार्जिन कितना गिरा, कंपनी ने इसकी क्या वजह बताई और 9 GW सेल प्लांट और नए ऑर्डर पर क्या अपडेट है।
Vikram Solar के कमजोर Q2 नतीजों से शेयर में भारी बिकवाली हुई
सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद सोमवार को विक्रम सोलर (Vikram Solar) के शेयर टूट गए। कंपनी का मुनाफा एक साल में 95 फीसदी से ज्यादा घट गया और इसके बाद इंट्राडे में NSE पर शेयर 8.93 फीसदी तक गिरकर 131 रुपये पर आ गया। कंपनी का कहना है कि ये झटका कुछ समय का है। मानसून और काम के टलने से तिमाही के आंकड़े बिगड़े, जबकि इसी दौरान नए ऑर्डर तेजी से बढ़े हैं।
128 करोड़ से 5.93 करोड़ पर आया मुनाफा
सितंबर तिमाही में विक्रम सोलर का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट सिर्फ 5.93 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 128.48 करोड़ रुपये कमाए थे। मतलब मुनाफे में 95.38 फीसदी की गिरावट आई है।
कमाई पर दबाव कारोबार के स्तर पर भी दिखा। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 2.93 फीसदी घटकर 1077.41 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 1110 करोड़ रुपये था। असली चोट ऑपरेटिंग प्रॉफिट पर लगी। EBITDA 56.93 फीसदी गिरकर 101 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि एक साल पहले ये 235 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन 21.17 फीसदी से फिसलकर 9.39 फीसदी पर आ गया। यानी हर 100 रुपये की कमाई पर पहले जहां करीब 21 रुपये का ऑपरेटिंग मुनाफा बचता था, अब 10 रुपये भी नहीं बच रहे।
कंपनी ने बताई गिरावट की वजह
इन्वेस्टर प्रेजेंटेशन में कंपनी ने कहा कि तिमाही में आई दिक्कतें अस्थायी हैं। मानसून और काम के आगे खिसकने का असर प्रदर्शन पर पड़ा। इसी दौरान भारत में सोलर इंस्टॉलेशन भी 25 फीसदी घटे।
कंपनी का कहना है कि वॉल्यूम में ये गिरावट थोड़े समय की है। एक्सचेंज फाइलिंग में उसने बताया कि इस तिमाही में कारोबार का मिक्स बेहतर करने, बैकवर्ड इंटीग्रेशन को आगे बढ़ाने और नए ऑर्डर लाने में ठोस प्रगति हुई है।
एक तिमाही में दोगुने से ज्यादा नए ऑर्डर
ऑर्डर के मोर्चे पर तस्वीर उलटी है। सितंबर तिमाही में कंपनी को 1.7 GW के नए ऑर्डर मिले, जबकि जून तिमाही में ये आंकड़ा 0.8 GW था। ये ऑर्डर EPC, सरकारी, C&I, IPP और मिड-मार्केट ग्राहकों से आए हैं।
9 GW सेल प्लांट से दिसंबर में निकलेगा पहला सेल
कंपनी का 9 GW का सेल प्लांट तय समय पर चल रहा है और दिसंबर 2026 में इससे पहला सेल बनकर निकलेगा। इसके बाद पूरी 9 GW क्षमता को चरणों में चालू किया जाएगा। सेल लाइन के बाद कंपनी इसी Gangaikondan साइट पर FY2029 तक 9 GW की इनगॉट और वेफर क्षमता भी लगाना चाहती है। मतलब सोलर सेल में लगने वाला कच्चा माल भी कंपनी अपने ही प्लांट में तैयार करना चाहती है।
बैटरी स्टोरेज कारोबार में भी कंपनी कदम बढ़ा रही है। उसकी पूरी हिस्सेदारी वाली यूनिट VSL PowerHive चेन्नई के पास Oragadam में हर साल 7.5 GWh क्षमता का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) असेंबली प्लांट लगा रही है। आगे चलकर इसकी क्षमता 15 GWh तक बढ़ाई जा सकेगी। यहां अप्रैल 2027 से कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है।
दूसरी छमाही पर क्या बोले CMD
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर ज्ञानेश चौधरी ने कहा, "दूसरी छमाही के लिए हमारा फोकस साफ है। जिन ऑर्डर पर काम हो सकता है उन्हें पूरा करना, एसेट्स का बेहतर इस्तेमाल, ज्यादा DCR वॉल्यूम डिलीवर करना और सेल प्रोजेक्ट को अनुशासित तरीके से चालू करना। हम लॉन्ग टर्म मौके को लेकर पॉजिटिव हैं, लेकिन हम प्रगति को काम पूरा करने और कैश बनाने के पैमाने पर मापेंगे।"
अगस्त 2025 में आया था IPO
Vikram Solar का 2079 करोड़ रुपये का IPO 19 से 21 अगस्त 2025 के बीच खुला था और इसे 54.63 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। अगस्त 2025 में शेयर IPO प्राइस से करीब 2 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।