मार्जिन घटने से टूटा Vodafone Idea का शेयर, अब निवेशक क्या करें? नोमुरा ने दिया ये नया टारगेट
Vodafone Idea Share Target: दूसरी तिमाही के मिले-जुले नतीजों के बाद वोडाफोन आइडिया के शेयर करीब 2% गिर गए। कंपनी की आय तो अनुमान के मुताबिक रही, लेकिन ऑपरेटिंग मार्जिन 4 साल की सबसे बड़ी तिमाही गिरावट के साथ 41.9% पर आ गया। वैसे 13 लाख नए सब्सक्राइबर जुड़ना कंपनी के लिए बड़ी राहत है। ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने स्टॉक पर नया टारगेट दिया है
Q2FY27 में कंपनी की आय अनुमान के मुताबिक रही, वहीं ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव देखने को मिला है
Vodafone Idea Share Target: टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के शेयर शुक्रवार 13 नवंबर को करीब 2 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे है। दूसरी तिमाही (Q2FY27) के मिले-जुले नतीजे पेश करने के बाद स्टॉक में कमजोरी देखने को मिल रही है। जहां एक ओर कंपनी की आय अनुमान के मुताबिक रही, वहीं दूसरी ओर ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव देखने को मिला है।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने इस स्टॉक पर अपनी 'Neutral' रेटिंग बरकरार रखी है और प्रति शेयर ₹13.50 का प्राइस टारगेट तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि दूसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग मार्जिन अनुमान से कम रहा, हालांकि सब्सक्राइबर जुड़ने की रफ्तार में सुधार हुआ है और पूंजीगत खर्च में भी तेजी आई है।
VI के लिए क्या हैं बड़े ट्रिगर्स और जोखिम?
ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने वोडाफोन आइडिया के भविष्य को लेकर कुछ प्रमुख पॉजिटिव कारकों और संभावित जोखिमों बताए है:
बड़े ट्रिगर्स: नोमुरा के मुताबिक, कंपनी द्वारा सफल डेट और कैपिटल जुटाना, पूरी इंडस्ट्री में टैरिफ बढ़ोतरी, सब्सक्राइबर जुड़ने की तेज रफ्तार और एक संभावित रणनीतिक इक्विटी निवेश स्टॉक के लिए बड़े ट्रिगर साबित हो सकते हैं। इस तरह के निवेश से कंपनी को जरूरी पूंजी मिलेगी और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा।
प्रमुख जोखिम: ब्रोकरेज ने आगाह किया है कि उम्मीद से धीमी गति से नए ग्राहकों का जुड़ना, ARPU (प्रति यूजर औसत आय) में सुस्त ग्रोथ और इंडस्ट्री में टैरिफ बढ़ोतरी में होने वाली देरी कंपनी के लिए बड़े जोखिम बने हुए हैं।
4 साल की सबसे बड़ी तिमाही मार्जिन गिरावट
नोमुरा के अनुसार, तिमाही आधार पर EBITDA 1.1% घटकर ₹4,980 करोड़ रहा, जो उसके अनुमान से 1.6% कम है। वहीं EBITDA मार्जिन तिमाही आधार पर 120 बेसिस पॉइंट्स घटकर 41.9% पर आ गया, जो पिछले चार वर्षों में सबसे तेज तिमाही गिरावट है।
Vodafone Idea Q2FY27 के नतीजों का पूरा लेखा-जोखा
सितंबर तिमाही (Q2FY27) में टेलीकॉम कंपनी का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 2% बढ़कर ₹11,884 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹11,689 करोड़ था। वहीं, कंपनी का एडजस्टेड घाटा पिछले साल के ₹5,521 करोड़ के मुकाबले मामूली रूप से घटकर ₹5,513 करोड़ रह गया।
वैसे कर्मचारियों के सालाना इंक्रीमेंट और मार्केटिंग खर्च बढ़ने की वजह से ऑपरेटिंग मार्जिन पर दबाव आया और EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 43.1% से घटकर 41.9% पर आ गया।
ग्राहक मोर्चे पर कंपनी के लिए राहत की बात यह रही कि तिमाही के दौरान 13 लाख नए यूजर्स जुड़ने से कुल सब्सक्राइबर बेस बढ़कर 19.44 करोड़ हो गया। इसके साथ ही, ब्लेंडेड ARPU पिछली तिमाही के ₹177 से मामूली सुधरकर ₹178 पर पहुंच गया, जबकि कस्टमर ARPU ₹195 से बढ़कर ₹198 हो गया।
ARPU और सब्सक्राइबर ग्रोथ
0.6% की तिमाही ARPU ग्रोथ इंडस्ट्री के अन्य प्रतिस्पर्धियों की तुलना में सबसे धीमी रही और नोमुरा के ₹180.90 के अनुमान से कम रही। हालांकि, लगातार दूसरी तिमाही में कंपनी ने 13 लाख नेट सब्सक्राइबर जोड़े हैं, जो कई वर्षों में सबसे अधिक तिमाही बढ़त है और नोमुरा के 11 लाख के अनुमान से बेहतर है।
आगे क्या है कंपनी की '1-2-3' रणनीति?
वोडाफोन आइडिया अपनी '1-2-3' रणनीति के तहत अगले तीन वर्षों में लगातार सब्सक्राइबर जोड़ने, डबल-डिजिट रेवेन्यू ग्रोथ हासिल करने और कैश EBITDA को तीन गुना करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके साथ ही, वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और नेटवर्क निवेश को तेज करने के लिए कंपनी की फंड जुटाने की योजनाओं पर बाजार की कड़ी नजर बनी रहेगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।