Share Market Crash: शेयर बाजार इन 5 कारणों से हुआ क्रैश, सेंसेक्स 1400 अंक लुढ़का, निफ्टी 25,400 के पास

Share Market Falls: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 19 फरवरी को अपनी शुरुआती बढ़त गंवाकर लाल निशान में आ गए। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1400 अंकों से भी अधिक टूट गया। वहीं निफ्टी फिसलकर 25,400 के पास आ गया। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया

अपडेटेड Feb 19, 2026 पर 3:43 PM
Story continues below Advertisement
Share Market Falls: रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल, FMCG और कैपिटल गुड्स में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली

Share Market Falls: भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार 19 फरवरी को भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1400 अंकों से भी अधिक टूट गया। वहीं निफ्टी फिसलकर 25,400 के पास आ गया। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया। मुनाफावसूली और क्रूड ऑयल के बढ़ते दामों ने मार्केट के सेंटीमेंट पर दबाव डाला। यहां तक कि सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में रहे। सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, पावर, ऑटो और यूटिलिटी शेयरों में देखने को मिली।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 1236.11 अंक या 1.48 फीसदी की गिरावट के साथ 82,498.14 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 365 अंक या 1.41 फीसदी का गोता लगाकर 25,454.35 के स्तर पर बंद हुआ।

शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे 5 बड़े कारण रहे-


1. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव

मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक शेयर बाजार में आज की गिरावट के पीछे भू-राजनीतिक तनाव बड़ा कारण है। अमेरिका की ओर से ईरान पर संभावित कार्रवाई की खबरों ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है।

मिडिल ईस्ट, पूरी दुनिया के लिए क्रूड ऑयल सप्लाई का बड़ा केंद्र है। खासकर स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज कच्चे तेल के निर्यात का अहम मार्ग है। अगर वहां किसी तरह का व्यवधान आता है तो कच्चे तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं। इससे ग्लोबल स्तर पर महंगाई पर दबाव बढ़ेगा और शेयर बाजारों पर नेगेटिव असर पड़ेगा।

2. मुनाफावसूली से दबाव

लगातार तीन कारोबारी दिनों की तेजी के बाद शेयर बाजार में आज मुनाफावसूली देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले तीन दिनों में करीब 1.4% की तेजी देखने को मिली। इस तेजी को दिसंबर तिमाही के नतीजे उम्मीदों के मुताबिक रहने से सपोर्ट मिला था। हालांकि, अब निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफा बुक करना शुरू किया है।

कारोबार के दौरान अधिकतर सेक्टरोल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी दबाव दिखा।

3. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी

क्रूड ऑयल के दाम में उछाल ने भी शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर असर डाला है। अमेरिका और ईरान के बीच संभावित तनाव की आशंका से सप्लाई बाधित होने की चिंता बढ़ी है। ब्रेंट क्रूड का भाव 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना रहा। पिछले कारोबारी सत्र में इसमें 4% से अधिक की तेजी आई थी। अमेरिकी क्रूड भी 65 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार कर रहा था।

भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल की कीमतों में तेजी महंगाई और चालू खाते के घाटे को बढ़ा सकती है, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ती है।

4. इंडिया VIX में उछाल

शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का संकेत देने वाला इंडिया VIX इंडेक्स भी आज करीब 5% चढ़कर 12.83 पर पहुंच गया। VIX इंडेक्स में बढ़ोतरी शॉर्ट-टर्म में अस्थिरता बढ़ने का संकेत देती है।

इंडिया VIX में तेजी का मतलब है कि निवेशक आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव की उम्मीद कर रहे हैं। यही वजह है कि तेज बढ़त के बाद बाजार में दबाव देखा गया।

5. बैकिंग शेयरों में गिरावट

बैंक शेयरों में आज करीब 1% की गिरावट देखने को मिली। Kotak Mahindra Bank, Axis Bank और IndusInd Bank के शेयर 1% से 1.8% तक गिर गए, जिससे ये सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयर रहे। बैंक निफ्टी दोपहर के कारोबार में करीब 61,000 के स्तर के आसपास ट्रेड कर रहा था।

फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में भी गिरावट रही। श्रीराम फाइनेंस, बजाज फाइनेंस और SBI लाइफ इंश्योरेंस के शेयर भी करीब 1% से 2% तक नीचे आए।

टेक्निकल एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?

बोनांजा के टेक्निकल एनालिस्ट ड्रमिल विथलानी के मुताबिक, लगातार तीन दिनों की तेजी के बाद बाजार में कुछ मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) दिख रही है। हालांकि, इससे अभी ट्रेंड बदलने का साफ संकेत नहीं मिलता।

उनका कहना है कि निफ्टी अभी भी 25,150–25,200 के अहम सपोर्ट जोन के ऊपर बना हुआ है, जो आगे के लिए महत्वपूर्ण स्तर है। उन्होंने कहा कि जब तक निफ्टी 25,150 के ऊपर बना रहता है, तब तक बाजार में रिकवरी जारी रह सकती है और यह 26,000–26,200 के स्तर तक दोबारा जा सकता है। लेकिन अगर यह सपोर्ट टूटता है, तो बाजार में फिर से बिकवाली बढ़ सकती है और निफ्टी 24,800 तक गिर सकता है।

यह भी पढ़ें- Coforge Shares: 77% तक चढ़ सकता है यह आईटी शेयर, CLSA ने लगाया दांव, बताए ये कारण

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।