Wipro Share Buyback : बायबैक प्राइस से 15% सस्ता मिल रहा शेयर, निवेशकों को एक्सपर्ट्स ने दी ये सलाह

Wipro 445 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बायबैक करने जा रही है। जबकि कंपनी के शेयर आज 387 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इसका मतलब है कि बायबैक प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर15 फीसदी कम कीमत पर उपलब्ध हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि निवेशकों के लिए यह एक अच्छा मौका है

अपडेटेड May 16, 2023 पर 9:54 PM
Story continues below Advertisement
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो ने हाल ही में 12000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक की घोषणा की है।

Wipro Share Buyback : आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी विप्रो ने हाल ही में 12000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक की घोषणा की है। कंपनी अपने निवेशकों से 445 रुपये प्रति शेयर के भाव पर शेयर खरीदेगी। विप्रो ने कहा कि उसके बोर्ड ने 26.96 करोड़ इक्विटी शेयरों को ओपन मार्केट से खरीदने का फैसला किया है, जो कि इक्विटी शेयरों की कुल संख्या के 4.91 फीसदी के बराबर है। आज मंगलवार को कंपनी के शेयरों में 0.32 फीसदी की मामूली तेजी देखी गई और यह NSE पर 387 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।

क्या है एक्सपर्ट्स की राय

विप्रो 445 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बायबैक करने जा रही है। जबकि कंपनी के शेयर आज 387 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। इसका मतलब है कि बायबैक प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 15 फीसदी कम कीमत पर उपलब्ध हैं। ऐसे में एक्सपर्ट्स का मानना है कि निवेशकों के लिए यह एक अच्छा मौका है।


एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने कहा कि निवेशक मौजूदा मार्केट प्राइस पर विप्रो के शेयर खरीद सकते हैं और उन्हें ऑफर पीरियड में 445 रुपये पर टेंडर कर सकते हैं। इस बीच, पिछले एक साल की अवधि में विप्रो के शेयर की कीमत 17% से अधिक गिर गई है।

विप्रो के प्रमोटर्स के पास कुल शेयरहोल्डिंग का लगभग 73% हिस्सा है और वे बायबैक ऑफर में हिस्सा ले सकते हैं। कंपनी ने अभी तक रिकॉर्ड डेट, टाइमलाइन और ऑफर के अन्य डिटेल की घोषणा नहीं की है। विप्रो का पिछला बायबैक 9,500 करोड़ का था और इसे 29 दिसंबर 2020 से 11 जनवरी 2021 के बीच किया गया था।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

FY23 की मार्च तिमाही में कंपनी के नतीजे कमजोर रहे। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 0.4 फीसदी घटकर 3075 करोड़ रुपये रहा। दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3053 करोड़ रुपये था। इस दौरान ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू सालाना आधार पर 11.2 फीसदी बढ़कर 23190 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 20860 करोड़ रुपये था। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कुल रेवेन्यू 23229 करोड़ रुपये था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।