Yes Bank AT1 Bonds: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने यस बैंक के AT1 बॉन्ड से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर चिंता जताई है। RBI का कहना है कि इस फैसले से भविष्य में संकट में फंसे बैंकों को बचाने की प्रक्रिया कमजोर पड़ सकती है। साथ ही, इससे यस बैंक के मौजूदा जमाकर्ताओं के हितों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने 13 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपनी याचिका में ये दलीलें दी हैं। यह मामला साल 2020 में यस बैंक को संकट से निकालने के लिए किए गए रेस्क्यू प्लान से जुड़ा है।
साल 2020 में यस बैंक आर्थिक संकट में फंस गया था। इसके बाद RBI और सरकार ने बैंक को बचाने के लिए रेस्क्यू प्लान तैयार किया। इस दौरान बैंक के 8,415 करोड़ रुपये के AT1 बॉन्ड पूरी तरह राइट ऑफ कर दिए गए थे।
AT1 बॉन्ड एक तरह की सिक्योरिटी होते हैं। बैंक जब गंभीर वित्तीय संकट में फंसता है, तो इन बॉन्ड के जरिए नुकसान की भरपाई की जा सकती है। यानी जरूरत पड़ने पर निवेशकों का पैसा डूब भी सकता है।
हालांकि, पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने इस राइट ऑफ को गैरकानूनी करार दिया। कोर्ट ने प्रक्रिया में खामियों का हवाला देते हुए बॉन्ड दोबारा बहाल करने का आदेश दिया था। इसके बाद RBI और यस बैंक ने फैसले पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की। फिलहाल इन याचिकाओं के कारण निवेशकों को राहत मिलने में देरी हो रही है।
RBI को क्यों है फैसले से आपत्ति?
RBI का कहना है कि AT1 बॉन्ड को राइट ऑफ करना बैंक रेस्क्यू प्रक्रिया का जरूरी हिस्सा था। अगर संकट के दौरान इन बॉन्ड को सुरक्षित रखा जाता है, तो इनके होने का मकसद ही खत्म हो जाएगा।
केंद्रीय बैंक ने यह भी कहा कि बॉन्ड बहाल करने से करीब 8,414 करोड़ रुपये की देनदारी दोबारा खड़ी होगी। इससे बैंक में पैसा लगाने वाले SBI और दूसरे निवेशकों की पूंजी पर असर पड़ेगा। साथ ही, मौजूदा जमाकर्ताओं की सुरक्षा भी कमजोर हो सकती है।
RBI ने दलील दी कि यह फैसला सिर्फ यस बैंक तक सीमित नहीं रहेगा। इसका असर भविष्य में दूसरे संकटग्रस्त बैंकों को बचाने के लिए बनाए गए नियमों पर भी पड़ सकता है।
यस बैंक के शेयरों पर एक्सपर्ट की राय
यस बैंक के शेयर बुधवार को 0.95% की गिरावट के साथ 17.68 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में यह 18.94% टूट चुका है।
मार्केट एक्सपर्ट मानस जायसवाल के मुताबिक, लॉन्ग टर्म चार्ट पर यस बैंक के शेयरों का ट्रेंड अभी कमजोर बना हुआ है। शेयर में जब भी तेजी आती है, यह ₹25 के ऊपर टिक नहीं पाता। उनका कहना है कि अगर शेयर में रिकवरी आती है, तो ₹20 के आसपास अपनी पोजीशन से निकलना बेहतर होगा। नई खरीदारी के लिए शेयर का ₹27-28 के स्तर के ऊपर निकलकर टिकना जरूरी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।