Yes Bank का लॉक इन पीरियड आज खत्म, शेयरों में हो सकती है बड़ी बिकवाली, क्या करें निवेशक?

आरबीआई के राहत पैकेज के तहत SBI ने मार्च 2020 में बैंक के लगभग 49 प्रतिशत शेयरों को 10 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से आठ रुपये के प्रीमियम पर खरीदा था। एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) के भी निकासी करने की संभावना है

अपडेटेड Mar 13, 2023 पर 8:26 AM
Story continues below Advertisement
निजी निवेशकों और ETF पर यस बैंक के शेयरों को 3 साल तक बेचने पर लगी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की रोक (लॉक-इन पीरियड) सोमवार को खत्म हो रही है।

Yes Bank : निजी निवेशकों और ETF पर यस बैंक के शेयरों को 3 साल तक बेचने पर लगी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की रोक (लॉक-इन पीरियड) आज सोमवार को खत्म हो गया। एनालिस्ट्स का कहना है कि ऐसे में यस बैंक के शेयरों पर बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है। उनका अनुमान है कि सोमवार को निवेशक बैंक में अपने शेयर बेच सकते हैं। यस बैंक के प्रमुख निवेशकों में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की अगुवाई में नौ बैंक शामिल हैं।

आरबीआई के राहत पैकेज के तहत SBI ने मार्च 2020 में बैंक के लगभग 49 प्रतिशत शेयरों को 10 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से आठ रुपये के प्रीमियम पर खरीदा था। एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) के भी निकासी करने की संभावना है।

किसकी कितनी हिस्सेदारी


एसबीआई के पास दिसंबर, 2022 तक यस बैंक के 26.14 फीसदी या 605 करोड़ शेयर थे। इसी तरह एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के पास एक-एक अरब शेयर थे। एक्सिस बैंक के पास 60 करोड़, कोटक महिंद्रा बैंक के पास 50 करोड़, फेडरल बैंक और बंधन बैंक के पास 30 करोड़ और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के पास 25 करोड़ शेयर थे।

इसके अलावा, एसबीआई एएमसी के पास उसके निफ्टी 50 ईटीएफ में यस बैंक के 2.36 करोड़ शेयर, कोटक एएमसी के पास 1.19 करोड़ शेयर, निप्पन इंडिया के पास 1.05 करोड़ शेयर थे। हालांकि, इनमें से ज्यादातर यस बैंक में अपने शेयरों का 25 प्रतिशत पहले ही बेच चुके हैं, जो ‘लॉक-इन पीरियड’ के अंतर्गत नहीं थे।

पिछले एक साल में 30 फीसदी रिटर्न

बीएसई पर पिछले शुक्रवार को यस बैंक के शेयर 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ 16.50 रुपये पर बंद हुए हैं। आरबीआई की रीकंस्ट्रक्शन स्कीम के तहत एसबीआई के नेतृत्व में बैंकों ने अरबों रुपये का निवेश किया था। यस बैंक ने अपने निवेशकों को पिछले एक साल में 30 फीसदी रिटर्न दिया है। पिछले साल 12 मार्च को इसके एक शेयर की कीमत 12.70 रुपये प्रति शेयर थी, जो आज के समय में बढ़कर 16.55 रुपये के भाव पर पहुंच गई है। यानी निवेशकों को 30 फीसदी से ज्यादा का मुनाफा हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।