Yes Bank Share Price: Yes Bank के निवेशकों के लिए पिछला हफ्ता अच्छा था। पिछले एक हफ्ते में Yes Bank के शेयरों नें 10% रिटर्न दिया था। लेकिन आज बाजार की शुरुआत कमजोर रही है। दोपहर 1.30 बजे Yes Bank के शेयर 3.40% नीचे 14.20 रुपए पर ट्रेड कर रहे थे। इंट्रा डे में Yes Bank के शेयर गिरकर 13.90 रुपए तक आ गए थे। कारोबार के अंत में Yes Bank के शेयर 3.40% नीचे 14.20 रुपए पर बंद हुए हैं।
बैंक के जून तिमाही के नतीजे मजबूत रहे हैं लेकिन शेयर प्राइस पर इसका कोई असर नजर नहीं आ रहा है। Yes Bank का नेट प्रॉफिट जून तिमाही में 50% बढ़कर 311 करोड़ रुपए रहा। बैड लोन की प्रोविजनिंग कम होने और इनकम ग्रोथ बढ़ने से कंपनी के प्रॉफिट को सपोर्ट मिला है। वहीं बैंक का नेट इंटरेस्ट इनकम साल-दर-साल आधार पर 32% बढ़कर 1850 करोड़ रुपए रहा। इस दौरान बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन कुछ घटकर 2.4% रहा।
Yes Bank के नतीजों पर बैंक के MD प्रशांत कुमार ने बताया, "हमारे स्लिपेज में कमी आई है। पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 50% है। पिछले साल की इसी तिमाही में 2000 करोड़ रुपए की स्लिपेज थी जो जून तिमाही में 1000 करोड़ की स्लिपेज है।"
प्रशांत कुमार ने आगे बताया, "अगर प्रॉफिट की बात करें तो यह साल-दर-साल आधार पर 50% बढ़ा है। मार्च 2022 तिमाही के प्रॉफिट से जून तिमाही की तुलना करना ठीक नहीं है क्योंकि आखिरी तिमाही में आमदनी ज्यादा रहती है।"
क्या करें Yes Bank के निवेशक?
Yes Bank के MD प्रशांत कुमार ने कहा कि इस साल हम रिकंस्ट्रक्शन के फेज से निकल चुके हैं। अब बैंक ग्रोथ के रास्ते पर है। कुमार ने बताया कि इस साल टेक्नोलॉजी और HR के साथ लोन एक्विजीशन चैनल पर फोकस रहेगा।
कुमार ने कहा कि Yes Bank के नतीजों को अगर हम तिमाही-दर-तिमाही के बजाय साल-दर-साल आधार पर देखेंगे तो पता चला कि बैंक पटरी पर लौट रहा है।
Yes Bank के शेयरों में लंबे समय से फंसे निवेशकों के मन में यही सवाल है कि आगे इसमें तेजी आएगी या अभी बेचकर निकल लें। Incred Equities के मार्केट एक्सपर्ट्स गौरव बिस्सा के मुताबिक, "Yes Bank के शेयर पिछले कुछ समय से एक सीमित रेंज में कारोबार कर रहे हैं। इसका स्टॉप लॉस 10 रुपए है और आगे यह 16.50 रुपए तक जा सकता है। ऐसे में मौजूदा लेवल को देखते हुए फिलहाल निवेशक इसमें बने रह सकते हैं।"