Yes Bank ने ₹32 करोड़ के साइबर फ्रॉड की घटना से किया इनकार, कहा- सिस्टम के साथ नहीं हुई कोई छेड़छाड़

रिपोर्ट के दावों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए, Yes Bank ने कहा कि रिपोर्ट में असल स्थिति नहीं दिखाई गई है। गलत जानकारी छपने से उसकी साख को नुकसान पहुंचा है और इससे उसके स्टेकहोल्डर्स के बीच बेवजह चिंता पैदा हो सकती है

अपडेटेड Nov 14, 2026 पर 10:32 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Yes Bank ने कहा कि वह बैंकिंग सुरक्षा, ऑपरेशनल इंटीग्रिटी और ग्राहकों के भरोसे के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक ने साइबर फ्रॉड में लगभग 34 लाख डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपये) का नुकसान होने से इनकार किया है। कहा है कि उसके सिस्टम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है। बैंक की ओर से यह स्पष्टीकरण 'द बैंकर' (फाइनेंशियल टाइम्स ग्रुप का एक प्रकाशन) की एक रिपोर्ट के बाद आया है। इस रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि यस बैंक को सरकारी खातों से जुड़े एक साइबर फ्रॉड में लगभग 34 लाख डॉलर (करीब 32 करोड़ रुपये) का नुकसान हुआ है। दावा किया गया कि यह घटना अक्टूबर 2026 के अंत में हुई।

13 नवंबर को जारी एक स्पष्टीकरण में, यस बैंक ने कहा कि उसके सिस्टम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है, किसी भी सरकारी खाते पर कोई असर नहीं पड़ा है और इस कथित घटना के कारण बैंक को कोई वित्तीय नुकसान नहीं हुआ है। रिपोर्ट के दावों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए, यस बैंक ने कहा कि रिपोर्ट में असल स्थिति नहीं दिखाई गई है।

रिपोर्ट वापस लेने की मांग


बैंक ने यह भी बताया कि उसने इस मामले को मीडिया हाउस के सामने उठाया है, गलत तथ्यों की ओर इशारा किया है और रिपोर्ट वापस लेने (retraction) की मांग की है। यस बैंक ने कहा कि गलत जानकारी छपने से उसकी साख को नुकसान पहुंचा है और इससे उसके स्टेकहोल्डर्स (हितधारकों) के बीच बेवजह चिंता पैदा हो सकती है। बैंक ने अपने बयान में कहा, "यस बैंक बैंकिंग सुरक्षा, ऑपरेशनल इंटीग्रिटी और ग्राहकों के भरोसे के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।"

Pricol से अलग होगा ऑटोमोटिव इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार, प्रमोटर ₹1663 करोड़ में Warburg Pincus को बेचेंगे हिस्सा

सितंबर तिमाही में 65% बढ़ा था Yes Bank का मुनाफा

Yes Bank का जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 65% बढ़कर ₹1,080 करोड़ रहा। एक साल पहले मुनाफा ₹654.47 करोड़ था। कुल इनकम ₹10521.35 करोड़ रही, जो सितंबर 2025 तिमाही में ₹9023.15 करोड़ थी। नेट इंट्रेस्ट इनकम (NII) 22.7% की बढ़ोतरी के साथ ₹2,822.5 करोड़ हो गई। सितंबर 2025 तिमाही में यह ₹2,301 करोड़ थी। सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 2.6% दर्ज किया गया, जो एक साल पहले समान तिमाही में 2.5% था। सितंबर 2026 तिमाही में ग्रॉस NPA रेशियो घटकर 1.2% रह गया, जो एक साल पहले 1.6% था। नेट NPA रेशियो कम होकर 0.2% पर आ गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 0.3% था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।