
ग्लोबल बाजारों से कमजोर संकेत और रुपये के नए निचले स्तर पर पहुंचने से भी निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर हुआ। इसके चलते बाजार में आज चौतरफा तेज बिकवाली देखने को मिली। हालांकि बाद में निचले स्तरों पर खरीदारी से आखिरी घंटे में बाजार कुछ रिकवरी जरूर दिखी।
सभी सेक्टरों में गिरावट
सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी सोमवार को लाल निशान में बंद हुए। ऑटो, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, मेटल, पीएसयू बैंक, ऑयल एंड गैस और प्राइवेट बैंक सेक्टर के शेयरों में 2 से 4 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत तक गिर गए।
निवेशकों के ₹8.49 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 441.19 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 449.68 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.49 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) का शेयर 5.23 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और इंडिगो (Indigo) के शेयरों में 3.83 फीसदी से लेकर 4.68 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही तेजी
वहीं सेंसेक्स के बाकी 5 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में 1.37 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद सन फार्मा (Sun Pharma), इंफोसिस (Infosys), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयर 0.13 फीसदी से लेकर 0.48 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,536 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,536 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 972 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,379 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 185 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 72 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 875 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।