Share Market Today: शेयर बाजार में फिर हाहाकार, सेंसेक्स 270 अंक टूटा; निवेशकों के ₹1.5 लाख करोड़ स्वाहा

Share Market Today: भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर बाजार आज 21 जनवरी को लगातार तीसरे दिन लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स 270.84 अंक या 0.33% की गिरावट के साथ 81,909.63 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 75.00 अंक या 0.30% टूटकर 25,157.50 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 1,000 अंकों तक लुढ़क गया था

अपडेटेड Jan 21, 2026 पर 16:05
Story continues below Advertisement
Share Market Today: भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर बाजार आज 21 जनवरी को लगातार तीसरे दिन लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स 270.84 अंक या 0.33% की गिरावट के साथ 81,909.63 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 75.00 अंक या 0.30% टूटकर 25,157.50 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि इससे पहले शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स एक समय 1,000 अंकों तक लुढ़क गया था। निफ्टी ने भी कारोबार के दौरान 25,000 के लेवल को तोड़ दिया।

हालांकि दोपहर बाद बाजार में अचानक जोरदार वापसी की। सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 1200 अंक उछलकर हरे निशान में आ गया। वहीं निफ्टी भी गिरावट की पूरी भरपाई करते हुए 25,300 के पास लौट गया। लेकिन आखिरी घंटों में बाजार में एक फिर से बिकवाली हावी और सेंसेक्स व निफ्टी दोनों गिरकर लाल निशान में आ गए।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली, भारतीय रुपये में कमजोरी और ग्लोबल ट्रेड को लेकर तनाव के चलते बाजार का सेंटीमेंट कमजोर बना रहा। दिसंबर तिमाही के मिलजुले नतीजों से बाजार की चाल को मजबूती नहीं मिल पाई।

सबसे अधिक गिरावट बैकिंग, फाइनेंशियल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में देखने को मिली। मेटल, ऑयल एंड गैस और एनर्जी शेयरों को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1 प्रतिशत तक लुढ़क गए।

निवेशकों के ₹1.45 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 454.37 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 455.82 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.45 लाख करोड़ रुपये कम हुआ है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 1.45 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें इटरनल (Eternal) के शेयरों में 4.98 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement), इंडिगो (Indigo), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और पावरग्रिड (Power Grid) के शेयर 0.67 फीसदी से लेकर 1.30 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 17 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) का शेयर 2.01 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं ट्रेंट (Trent), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic), एक्सिस बैंक (Axis Bank) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में 1.13 फीसदी से लेकर 1.96 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,405 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,405 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,459 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,810 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 136 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 59 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 916 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Story continues below Advertisement