Share Market Today: लगातार तीन दिनों की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में गुरुवार 22 जनवरी को तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स 398 अंक बढ़कर 82,307 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 132 अंक की तेजी के साथ 25,290 के स्तर पर बंद हुआ। शेयर बाजार में आज की तेजी चौतरफा रही। निफ्टी के 50 में से 40 शेयर हरे निशान में बंद हुए।
सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी आज हरे निशान में रहे। सबसे अधिक तेजी फाइनेंशियल्स, मेटल्स, एनर्जी और आईटी शएयरों में देखने को मिली। केवल रियल्टी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स लाल निशान में रहे। छोटे और मझोले शेयरों में भी अच्छी खरीदारी दिखी। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.28 फीसदी और बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 1.13 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए।
शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह भू-राजनीतिक तनावों में नरमी रही। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को लेकर अपने आक्रामक रुख को नरम किया है। साथ ही उसने यूरोप के कई देशों पर 1 फरवरी से लगाए जाने वाले नए टैरिफ के फैसले को भी रोक दिया। इससे दुनिया भर के शेयर बाजारों ने राहत की सांस ली और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
निवेशकों ने ₹4.48 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 458.57 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 454.09 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.48 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.48 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) के शेयरों में 3.75 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद टाटा स्टील (Tata Steel), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) के शेयर 1.73 फीसदी से लेकर 2.69 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी इटरनल (Eternal) का शेयर 2.61 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टाइटन (Titan), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में 0.08 फीसदी से लेकर 1.50 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,385 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,385 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,952 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,279 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 154 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 69 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 276 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।