Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार बुधवार 13 अगस्त को मजबूती के साथ बंद हुए। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों करीब 0.5% तेजी के साथ बंद हुए। ग्लोबल मार्केट से मिले मजबूत संकेतों और महंगाई के मोर्चे पर राहत से बाजार में खरीदारी देखने को मिली। जुलाई महीने में महीने में खुदरा महंगाई दर घटकर 1.6 फीसदी पर आ गई, जो इसका पिछले 6 सालों का सबसे निचला स्तर है। इसके अलावा अमेरिका में भी महंगाई दर में नरमी रही, जिसके चलते ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ी है।
कारोबार के अंत में, सेंसेक्स 304.32 अंक या 0.38 फीसदी बढ़कर 80,539.91 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 131.95 अंक या 0.54 फीसदी उछलकर 24,619.35 के स्तर पर पहुंच गया।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो, निफ्टी फार्मा में सबसे अधिक 1.7 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। इसके बाद निफ्टी मेटल में 1.3 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो में 1.1 प्रतिशत की बढ़त रही। निफ्टी मीडिया, रियल्टी और इंफ्रा भी हरे निशान में रहे। जबकि दूसरी ओर FMCG, PSU बैंक और एनर्जी इंडेक्स में मामूली गिरावट आई।
निवेशकों ने ₹2.21 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 13 अगस्त को बढ़कर 445.51 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 12 अगस्त को 443.30 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 87,000 करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 87,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) के शेयरों में 2.25 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद इटर्नल (Eternal), कोटक महिंद्रा बैंक (Koatak Mah Bank), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयर 1.42 फीसदी से लेकर 2.08 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 8 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) का शेयर 0.78 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं आईटीसी (ITC), अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement), टाइटन (Titan) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयरों में 0.22 फीसदी से लेकर 0.58% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,230 शेयरों में रही तेजी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,246 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,230 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,861 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 155 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 109 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 104 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।