Share Market Today: तेज उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर बाजार सोमवार 5 जनवरी को गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। निफ्टी ने कारोबार के दौरान अपना नया ऑलटाइम हाई छुआ, लेकिन उसके बाद बिकवाली हो गई। कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 322.39 अंक या 0.38 फीसदी गिरकर 85,439.62 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 78.25 अंक या 0.30 फीसदी गिरकर 26,250.30 के स्तर पर बंद हुआ।
हालांकि ब्रॉडर मार्केट लगभग सपाट रहे। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप दोनों इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। सेक्टोरल इंडेक्स में आईटी, ऑयल एंड गैस और टेलीकॉम में 0.5 फीसदी से लेकर 1 फीसदी तक की गिरावट देखवे को मिली। हालांकि दूसरी ओर कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और डिफेंस शेयरों के इंडेक्स 1 फीसदी से अधिक उछल गए। FMCG इंडेक्स में भी 0.5 फीसदी से अधिक की तेजी देखने को मिली।
वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के बाद शेयर बाजार में निवेशक आज सतर्क दिखाई दिए। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत पर नए टैरिफ लगाने की धमकी ने निवेशकों के मूड को बिगाड़ा। खासतौर पर आईटी शेयरों में इसके चलते मुनाफावसूली देखने को मिली। इस बीच भारतीय रुपये में भी कमजोरी देखी गई।
निवेशकों के ₹48,000 करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 480.76 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 481.24 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 48,000 करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 48,000 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) के शेयरों में 4.67 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), टाटा स्टील (Tata Steel), अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) और एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयर 1.49 फीसदी से लेकर 2.58 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 14 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) का शेयर 3.79 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं इंफोसिस (Infosys), एचसीएल टेक (HCL Tech), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और टीसीएस (TCS)के शेयरों में 0.01 फीसदी से लेकर 1.04 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,471 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,471 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,723 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,542 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 206 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 209 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 144 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।