Get App

Share Markets: निफ्टी ने रचा नया इतिहास, सेंसेक्स 573 अंक उछला; निवेशकों ने एक दिन में ₹4.5 लाख करोड़ कमाए

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार आज 2 जनवरी को शानदार तेजी के साथ बंद हुए। दिनभर की खरीदारी के दम पर निफ्टी ने नया ऑल-टाइम हाई बनाया। वहीं सेंसेक्स ने करीब 573 अंकों की छलांग लगाई। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स ने नया रिकॉर्ड स्तर छूते हुए करीब 1% की बढ़त दर्ज की। इस तेजी से निवेशकों की संपत्ति में करीब ₹4.5 लाख करोड़ का इजाफा हुआ।

Vikrant singh
अपडेटेड Jan 02, 2026 पर 16:19
Share Markets: निफ्टी ने रचा नया इतिहास, सेंसेक्स 573 अंक उछला; निवेशकों ने एक दिन में ₹4.5 लाख करोड़ कमाए

कारोबारी के अंत में बीएसई सेंसेक्स 573.41 अंक या 0.67 फीसदी की बढ़त के साथ 85,762.01 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 182 अंक या 0.70 फीसदी चढ़कर 26,328.55 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 26,340 का नया रिकॉर्ड हाई भी छुआ। इस पूरे कारोबारी हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में करीब 1-1 फीसदी की तेजी दिखी। यह लगातार दूसरा हफ्ता है जब बाजार हरे निशान में बंद हुआ है।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो FMCG सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। FMCG इंडेक्स करीब 1 फीसदी फिसला, जबकि ऑटो, मेटल, कैपिटल गुड्स, मीडिया, रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, पावर और पीएसयू शेयरों में 1 से 2 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी बैंक इंडेक्स ने इंट्राडे कारोबार में 60,203.75 का नया ऑल-टाइम हाई छुआ।

निवेशकों ने ₹4.37 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 4,81.29 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 476.92 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 4.37 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 4.37 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें एनटीपीसी (NTPC) के शेयरों में 4.67 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद ट्रेंट (Trent), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), पावरग्रिड (Power Grid) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयर 1.49 फीसदी से लेकर 2.58 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 5 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी आईटीसी (ITC) का शेयर 3.79 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), एक्सिस बैंक (Axis Bank), भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयरों में 0.01 फीसदी से लेकर 1.04 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,371 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,371 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,775 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,449 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 149 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 185 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 83 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें