Get App

Share Markets: साल के आखिरी दिन शेयर बाजार में जश्न, सेंसेक्स 545 अंक उछला; निवेशकों ने कमाए ₹4 लाख करोड़

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों ने बुधवार 31 दिसंबर को शानदार तेजी के साथ साल 2025 का अंत किया। बीएसई सेंसेक्स 545.52 अंक या 0.64 फीसदी बढ़कर 85,220.60 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 190.75 अंक या 0.74 फीसदी की तेजी के साथ 26,129.60 के स्तर पर बंद हुआ।

Vikrant singh
अपडेटेड Dec 31, 2025 पर 16:24
Share Markets: साल के आखिरी दिन शेयर बाजार में जश्न, सेंसेक्स 545 अंक उछला; निवेशकों ने कमाए ₹4 लाख करोड़

भारत सरकार की ओर से सेफगार्ड ड्यूटी लगाए जाने के ऐलान से स्टील कंपनियों के शेयरों में जोरदारी खरीदारी दिखी। इसके अलावा क्रूड ऑयल और इंडिया VIX में गिरावट से भी निवेशकों के सेंटीमेंट को मजबूती मिली। निवेशकों और ट्रेडर्स ने अच्छे शेयरों में निचले स्तरों पर वैल्यू बाइंग की, जिससे बाजार में रिकवरी को बल मिला।

आईटी और टेलीकॉम को छोड़ दें तो, सभी मुख्य सेक्टोरल इंडेक्स में आज हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी ऑयल एंड गैस और एनर्जी शेयरों में देखने को मिली। इसके अलावा मेटल, पावर, PSU बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑटो और कमोडिटी शेयरों के इंडेक्स भी 1 फीसदी से ऊपर बंद हुए।

निवेशकों ने ₹3.98 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 475.70 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 471.72 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.98 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.98 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 2.45 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank), रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), एक्सिस बैंक (Axis Bank) और टाइटन (Titan) के शेयर 1.81 फीसदी से लेकर 2.17 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के ये 5 शेयर सबसे अधिक लुढ़के
वहीं सेंसेक्स के बाकी 5 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टीसीएस (TCS) का शेयर 2.10 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), इंफोसिस (Infosys), बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) और सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयरों में 0.84 फीसदी से लेकर 1.37 फीसदी तक की गिरावट रही।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,374 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,374 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,799 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 1,413 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 162 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 126 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 145 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें