Share Market Crash: भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 19 मार्च को क्रैश कर गए। सेंसेक्स और निफ्टी एक दिन में 3% से ज्यादा टूट गए। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बाजार में घबराहट भरी बिकवाली देखने को मिली। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 2,496.89 अंक यानी 3.26% गिरकर 74,207.24 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 775.65 अंक टूटकर 23,002.15 के स्तर पर आ गया। इसके साथ ही निफ्टी बैंक इंडेक्स भी करीब 2,000 अंक लुढ़क गया। यह पिछले 21 महीनों, यानी जून 2024 के बाद से निफ्टी 50 की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है।
हर सेक्टर में बिकवाली
बाजार में आज चौतराफ बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी के सभी 16 सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा दबाव बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों पर रहा, जहां करीब 3% की गिरावट आई। इस गिरावट में HDFC Bank का बड़ा योगदान रहा, जिसके शेयरों में तेज बिकवाली ने पूरे बैंकिंग सेक्टर को नीचे खींचा। वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी नहीं बचे। निफ्टी मिडकैप100 और स्मॉलकैप100 इंडेक्स करीब 2-2% गिर गए।
क्रूड बनी गिरावट की सबसे बड़ी वजह
बाजार की इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी रही। ब्रेंट क्रूड फिर से अपने हालिया उच्च स्तर 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। मिडिल ईस्ट में एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे हमलों के कारण ऑयल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है, जिससे तेल की कीमतों में उछाल आया।
ग्लोबल संकेत भी कमजोर
विदेशी बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली, जिसका असर भारतीय बाजार पर पड़ा। निवेशकों के बीच जोखिम से बचने का रुख साफ नजर आया। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी आ रही तेजी पर भी आज ब्रेक लग गया।
निवेशकों के ₹11.62 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज घटकर 427.38 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 439.00 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 11.62 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 11.62 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लुढ़के
शेयर बाजार में आज की गिरावट कितनी तेज थी, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि सेंसेक्स में शामिल सभी 30 के 30 शेयर आज गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। इसमें इटरनल (Eternal) का शेयर 5.65 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में 4.72 फीसदी से लेकर 5.42 फीसदी तक की गिरावट रही।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
4,404 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,404 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,070 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 3,174 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 160 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 53 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 368 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।