Share Markets: शेयर बाजार में 8 महीने की सबसे बड़ी तेजी, निवेशकों ने एक ही दिन में कमाए ₹12 लाख करोड़

Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 3 फरवरी को बंपर तेजी देखने को मिली। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के ऐलान से बाजार लगातार दूसरे दिन हरे निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 2,073 अंक या 2.54 फीसदी की तेजी के साथ 83,739.13 के स्तर पर बंद हुआ

अपडेटेड Feb 03, 2026 पर 16:08
Story continues below Advertisement
Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 3 फरवरी को बंपर तेजी देखने को मिली। भारत-अमेरिका ट्रेड डील के ऐलान से बाजार लगातार दूसरे दिन हरे निशान में बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 2,073 अंक या 2.54 फीसदी की तेजी के साथ 83,739.13 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 639 अंक या 2.55 फीसदी की छलांग लगाकर 25,727.55 के स्तर पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स और निफ्टी में 12 मई 2025 के बाद आई सबसे बड़ी तेजी है।

निवेशकों का सेंटीमेंट पॉजिटिव होने से बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स 2.79 फीसदी और बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स 2.91 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुए। सभी 16 प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में रहे और इनमें 5 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली।

निवेशकों ने ₹12.06 लाख करोड़ कमाए
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 467.09 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 455.03 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 12.06 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 12.06 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयरों में 9.12 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance), इंडिगो (Indigo), पावरग्रिड (Power Grid) और सन फार्मा (Sun Pharma) के शेयर 4.63 फीसदी से लेकर 6.68 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के सिर्फ 2 शेयरों में गिरावट
वहीं सेंसेक्स के बाकी 2 शेयर आज लाल निशान में बंद हुए। इसमें टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) के शेयर 0.57 फीसदी और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (Bharat Electronic) के शेयर 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप ऊपर दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

4,422 शेयरों में हुआ कारोबार
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,422 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 3,299 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 989 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 134 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 121 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 117 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।