होंडा ने डेढ़ सौ सीसी के सेगमेंट में नई बाइक लांच की है। लेकिन इसकी कीमत पुरानी यूनिकार्न से ज्यादा है। कंपनी कीमत कम करके वह प्राइस वार में नहीं कूदना चाहती। स्कूटर सेगमेंट में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए कंपनी स्कूटर का प्रोडक्शन बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
दोपहिया वाहनों के बाजार में ग्यारह परसेंट से ज्यादा हिस्सेदारी वाले डेढ़ सौ सीसी सेगमेंट पर कंपनियों की निगाह है। होंडा मोटरसाइकिल स्कूटर इंडिया यानी HMSI ने इस सेगमेंट सीबी यूनिकार्न डेजलर लांच की है। दिल्ली में इसकी एक्स शोरूम कीमत बासठ हजार नौ सौ रुपए है। जबकि पुरानी सीबी यूनिकार्न की कीमत उनसठ हजार रुपए है। हालांकि पुरानी बाइक की 13 बीएचपी पावर के मुकाबले इसकी पॉवर ज्यादा है।
साथ ही ये एक लीटर पेट्रोल में साठ किलोमीटर का माइलेज भी देगी। हालांकि बजाज ऑटो ने इस सेगमेंट में छियालीस हजार रुपए की डिस्कवर उतार कर प्राइस वार छेड़ दी है। लेकिन होंडा का कहना है कि उसे प्राइस वार में नहीं कूदना है। फिलहाल HMSI का इरादा इस साल पंद्रह लाख से ज्यादा दोपहिया वाहन बेचने का है। जिनमें आधी संख्या मोटरसाइकिलों की होगी। पिछले साल की बिक्री में होडा के स्कूटरों की बिक्री साठ परसेंट थी।
भारत के स्कूटर बाजार में होंडा की हिस्सेदारी पचास परसेंट है। डिमांड ज्यादा होने की वजह से होंडा के स्कूटरों के लिए कई महीने की वेटिंग है। कंपनी का कहना है इसी महीने से एक्टिवा का प्रोडक्शन दस परसेंट बढ़ाने जा रही है। इसके अलावा अगले साल के मध्य तक होंडा का नया प्लांट काम करना शुरू कर देगा। कंपनी के मुताबिक नए प्लांट के शुरू होने से वेटिंग की समस्या खत्म हो जाएगी।
