नई नैनो के लिए बुकिंग की जरूरत नहीं रही। लंबे इंतजार के बाद नंबर आने पर ग्राहक नैनो खरीदने को तैयार नहीं हैं।

 

नैनो की बुकिंग कराने वाले कई ग्राहक या तो बुकिंग ट्रासंफर कराना चाहते हैं या फिर सेकेंड हैंड कार बाजार का दरवाजा खटखटा रहे हैं।

 

नन्ही नैनो का जादू उतर रहा है। टाटा मोटर्स ने नैनो की बुकिंग भले ही बंद कर दी है। लेकिन बिना बुकिंग के नई नैनो उसी कीमत पर लेना कतई मुश्किल नहीं है। नैनो बुक करा चुके कई ग्राहक नंबर आने पर अब कार की डिलीवरी नहीं लेना चाहते।

 

ऐसे ग्राहक या तो अब अपनी बुकिंग नए खरीदार को ट्रांसफर करा रहे हैं या फिर सेकेंड हैंड कार डीलरों को कार ऑन रोड प्राइस पर बेचने की पेशकश कर रहे हैं। लेकिन हालत ये है कि सेकेंड हैंड कार बाजार में भी नैनो को खरीदार आसानी से नहीं मिल रहे हैं।

 

नैनो की डिमांड नहीं होने की वजह से डीलर को सेकेंड हैंड प्राइस तय करने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में नैनो बेचने में उन्हें दिलचस्पी नहीं है। हालांकि कंपनी का कहना है कि ये पहले से ही तय है कि इस साल दिसंबर तक उसे एक लाख नैनो बेचनी है। ऐसे में डिमांड कम होने का कोई मतलब नहीं है।

 

हालांकि अगर कोई ग्राहक कार नहीं लेना चाहता तो वो कार ट्रांसफर कर सकता है। साथ ही किसी भी कार के लांच होने के कुछ दिन बाद ही वो सेकेंड हैंड कार बाजार में आ जाती है। जो कि सामान्य बात है। हालांकि कंपनी के इस तर्क के बावजूद नैनो की कामयाबी का पता दूसरे फेज की बुकिंग से पता चल जाएगा।