Bangladesh Election: बांग्लादेश में वोटिंग जारी, BNP ने किया बहिष्कार, पीएम शेख हसीना ने बांधे भारत की तारीफों के पुल

Bangladesh Election: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो चुकी है। मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (Bangladesh Nationalist Party – BNP) ने इस चुनाव का बहिष्कार किया है। ऐसे में प्रधानमंत्री शेख हसीना का रास्ता साफ हो गया है और सत्ता में लौटना लगभग तय माना जा रहा है। हसीना ने भारत की सराहना की है और कहा कि भारत हमारा सच्चा दोस्त है

अपडेटेड Jan 07, 2024 पर 11:16 AM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Election: बांग्लादेश की संसद में कुल 350 सीटें हैं। जिनमें 300 पर चुनाव होता है। 50 आरक्षित सीटों पर सदस्य सीधे निर्वाचित होते हैं।

Bangladesh Election: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए आज (7 जनवरी 2024) को वोटिंग हो रही है। पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया (78) की मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (Bangladesh Nationalist Party – BNP) ने इस आम चुनाव का बहिष्कार किया है। ऐसे में प्रधानमंत्री शेख हसीना (Sheikh Hasina) का सत्ता में लौटना लगभग तय है। वोटिंग स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। शाम 5 बजे तक मतदान कर सकते हैं। देश में करीब 12 करोड़ मतदाता हैं। 42,000 से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 300 सीटें हैं। जिसमें से 299 सीटों पर वोटिंग हो रही है। एक सीट पर उम्मीदवार की मौत के कारण वोटिंग नहीं कराई गई है।

देश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि भारत हमारा भरोसेमंद दोस्त है। हमारे मुक्ति संग्राम के दौरान उन्होंने हमारा समर्थन किया। साल 1975 के बाद, जब हमने अपना पूरा परिवार खो दिया। उन्होंने हमें आश्रय दिया। इसलिए भारत के लोगों को हमारी शुभकामनाएं।


8 नजवरी को आएंगे नतीजे

मतदान के तुरंत बाद रविवार (7 जनवरी 2024) शाम को गिनती शुरू हो जाएगी। सोमवार (8 जनवरी 2024) सुबह नतीजे आ जाएंगे। मतदाता 300 सीधे निर्वाचित संसदीय सीटों के लिए लगभग 2,000 उम्मीदवारों में से चुनेंगे। इसमें 436 स्वतंत्र उम्मीदवार हैं, जो 2001 के बाद से सबसे अधिक है। हालांकि BNP का कहना है कि अवामी लीग ने चुनाव को विश्वसनीय बनाने की कोशिश करने के लिए स्वतंत्र उम्मीदवारों के रूप में डमी उम्मीदवारों को खड़ा किया है। हसीना (76) वर्ष 2009 से सत्ता में हैं। उनकी पार्टी आवामी लीग ने दिसंबर 2018 में पिछला चुनाव भी जीता था। BNP ने साल 2014 के चुनाव का भी बहिष्कार किया था, लेकिन 2018 के चुनाव में भाग लिया था।

Shark Tank India: मिलिए नई जज राधिका गुप्ता से, पाकिस्तान में हुआ जन्म, 22 साल की उम्र में आत्महत्या की कोशिश

विपक्ष ने की हड़ताल की अपील

विपक्षी पार्टी BNP ने शनिवार से देश भर में दो दिवसीय हड़ताल की अपील की है। खालिदा भ्रष्टाचार के आरोपों में दोषी ठहराए जाने के बाद घर में नजरबंद हैं। मुख्य विपक्षी दल ने चुनाव का बहिष्कार करते हुए 6 जनवरी को सुबह 6 बजे से 8 जनवरी सुबह 6 बजे तक 48 घंटे की देशव्यापी आम हड़ताल की अपील की है। पार्टी का दावा है कि मौजूदा सरकार के रहते कोई भी चुनाव निष्पक्ष और विश्वसनीय नहीं होगा। बता दें कि देश में 15 अन्य राजनीतिक दल भी चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं। बहिष्कार के साथ ही हिंसा के डर से बड़ी संख्या में मतदाता मतदान से दूर रह सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।