भूटान (Bhutan) ने शुक्रवार को अपने राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान नगदग पेल जी खोरलो (Ngadag Pel gi Khorlo) भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देने की घोषणा की। भूटान के प्रधानमंत्री लोतेय शेरिंग (Lotay Tshering) ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्हें यह सुनकर बेहद खुशी हुई कि सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘नगदग पेल जी खोरलो’ के लिए नरेंद्र मोदी जी के नाम की घोषणा की गई है।
शेरिंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना किसी शर्त के मित्रता निभाई है और इन सालों में विशेष रूप से कोरोना महामारी के दौरान काफी मदद की है। भूटान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने फेसबुक पर एक बयान में कहा कि वह इस सम्मान के हकदार हैं। भूटान के लोगों की ओर से बधाई। सभी मुलाकातों में प्रधानमंत्री मोदी को महान, आध्यात्मिक व्यक्ति पाया। व्यक्तिगत रूप से सम्मान का जश्न मनाने के लिए उत्सुक हूं।
शेरिंग ने भूटान के राष्ट्रीय दिवस पर अपने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। बता दें कि भारत और भूटान के बीच पिछले कुछ सालों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। पीएम मोदी को दुनिया के कई देश अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं। भूटान से पहले सऊदी अरब, अफगानिस्तान, फलीस्तीन, संयुक्त अरब अमीरात, रूस और मालदीव ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से पीएम मोदी को सम्मानित कर चुके हैं।