ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा के दिमाग का ऑपरेशन सफलता पूर्वक हो गया है। अब उनकी हालत ठीक है। इस बीच 15 दिसंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस बात की जानकारी उनकी मेडिकल टीम ने दी है। पिछले हफ्ते गंभीर सिर दर्द के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके मस्तिष्क से खून बह रहा था। इसे रोकने के लिए इमरजेंसी में सर्जरी की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 79 साल के राष्ट्रपति डा सिल्वा ने अस्पताल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सार्वजनिक तौर पर बात की थी। डॉक्टरों का कहना है कि अब उनका इलाज उनके घर साओ पाउलो में होगा।
एक बयान में राष्ट्रपति ने कहा कि जल्द ही ठीक होकर राष्ट्रपति के पद पर अपने कर्तव्यों को फिर से शुरू करने के लिए उत्सुक हैं। वहीं उनकी मेडिकल टीम ने भी उनके फिर से काम पर लौटने की मंजूरी दे दी है। हालांकि उन्हें लंबी दूरी की यात्रा करने पर रोक लगाई है। इसके साथ ही शारीरिक गतिविधियों से बचने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रपति के अभी कुछ मेडिकल टेस्ट बाकी हैं
राष्ट्रपति लूला ने अस्पताल में कहा कि अब मैं पूरी तरह से ठीक हो गया हूं। मुझे अपना ध्यान देने की जरूरत है। अभी उनका सिटी स्कैन बाकी है। इसके अलावा और भी कुछ टेस्ट होना है, जो बाद में होंगे। लूला के डॉक्टरों ने कहा कि उनकी स4जरी सफल रही। वह गुरुवार तक साओ पाउलो में अपने घर पर मीटिंग कर सकेंगे। वो चल फिर सकते हैं। उनकी मेडिकल टीम ने ये भी सुझाव दिया है कि वह अपने मेडिकल रिपोर्ट की जांच पड़ताल के बाद संभावित रूप से ब्रासीलिया की यात्रा कर सकते हैं। उनकी खोपड़ी से खून बहने की समस्या को ठीक करने के लिए पिछले हफ्ते दो ऑपरेशन किए गए थे। पहला ऑपरेशन उनके मस्तिष्क और मेनिंगियल झिल्ली के बीच जमा हुए खून को निकालने के लिए किया गया था।
उनके मस्तिष्क और मेनिन्जियल झिल्ली के बीच हेमेटोमा पाया गया था। डॉक्टरों का कहना है हेमेटोमा से कोई चोट या अन्य बीमारियां नहीं हुई हैं। ब्राजील के सामाजिक संचार सचिव पाउलो पिमेंटा ने पुष्टि की है कि डा सिल्वा 2026 में फिर से चुनाव लड़ेंगे।