अमेरिका में राष्ट्रपति के चुनाव होने वाले हैं। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स के मालिक एलॉन मस्क के लिए अभी से ऑफर की शुरुआत कर दी है। रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगर वो व्हाइट हाउस में दोबारा पहुंचते हैं। ऐसे में टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलॉन मस्क को कैबिनेट में या प्रशासन में सलाहकार की भूमिका के लिए ऑफर देंगे। ट्रंप ने रॉयटर्स को दिए गए एक इंटरव्यू में इस बात की जानकारी दी है। इस दौरान ट्रंप ने ये भी कहा कि कुछ नए इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए वो 7,500 डॉलर टैक्स क्रेडिट को खत्म करने पर विचार करेंगे।
बता दें कि हाल में ही एलन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म 'एक्स' पर डोनाल्ड ट्रंप का इंटरव्यू किया था। इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने मस्क की कारों की तारीफ की थी और कहा कि वो शानदार प्रोडक्ट बनाते हैं।
एलॉन मस्क ने ट्रंप का किया था समर्थन
दरअसल, मस्क ने पहले कहा था कि उन्होंने 2020 के चुनाव में राष्ट्रपति जो बाइडेन का समर्थन किया था। हालांकि इस बार भी वो ट्रंप का समर्थन कर रहे हैं। ट्रंप पर हुए हमले के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, 'मैं ट्रंप का पूरी तरह से समर्थन करता हूं और उनके जल्द ही स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
मस्क की टेस्ला को मिल सकता है फायदा
ट्रंप ने रॉयटर्स से बातचीत करते हुए कहा कि वह आमतौर पर नहीं सोचते कि टैक्स में छूट और क्रेडिट एक अच्छा विचार है। लेकिन उन्होंने साफ किया कि वह 7,500 डॉलर के इलेक्ट्रिक वाहन टैक्स क्रेडिट खत्म करने का सोचेंगे। इसे जो बाइडेन ने बढ़ा दिया था। अब अगर ट्रंप सत्ता में आते हैं तो एलॉन मस्क की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी टेस्ला के लिए अच्छी खबर हो सकती है।
मास्क ने ट्रंप का ऑफर किया स्वीकार
ट्रंप के इस बयान पर टेस्ला के सीईओ एलॉन मस्क ने इस ऑफर को स्वीकार कर लिया है। ट्रंप ने कहा था कि अगर एलॉन मस्क इस ऑफर को स्वीकार करेंगे, तो मैं जरूर उन्हें कैबिनेट में जगह दूंगा। वो एक अच्छे व्यक्ति हैं।