Donald Trump will fight US presidential Elections: डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अमेरिका में राष्ट्रपति का अगला चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति रह चुके हैं। 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन (Joe Biden) से हार के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था। वह 2016-2020 तक अमेरिका के राष्ट्रपति थे। डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी (Republican Party) के उम्मीदवार होंगे।
2024 में होगा अमेरिका में राष्ट्रपति का अगला चुनाव
ट्रंप ने कहा है कि वह तीसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव लड़ेंगे। अमेरिका में राष्ट्रपति का अगला चुनाव 2024 में होने वाला है। ट्रंप ने यह ऐलान तब किया है, जब हाल में हुए मध्यावधि चुनावों में उनके करीब माने जाने वाले रिपब्लिकन उम्मीदवारों का प्रदर्शन कमजोर रहा। माना जा रहा है कि इससे पार्टी पर उनकी पकड़ मजबूत हुई है।
ट्रंप के ऐलान पर जो बाइडेन ने किया ट्वीट
76 साल के ट्रंप ने फ्लोरिडा में अपने रेजिडेंस पर समर्थकों से बातचीत करने के दौरान राष्ट्रपति का अगला चुनाव लड़ने का ऐलान किया। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडने ने ट्रंप के इस ऐलान पर प्रतिक्रिया जताई है। उन्होंने कहा है कि बतौर राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल में अमेरिका को नाकामियों का सामना करना पड़ा।
बाइडेन ने इस बारे में इंडोनेशिया के बाली से ट्वीट किया। वह G20 के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बाली में हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, "Donald Trump failed America." जी20 की इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दुनिया के 20 बड़े देशों के नेता हिस्सा ले रहे हैं।
ट्रंप ने अपने रेजिडेंस पर समर्थकों से बातचीत में कहा कि अमेरिका अब फिर से दमदार वापसी करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं अमेरिका का राष्ट्रपित बनने के लिए अपनी उम्मीदवारी का आज रात ऐलान करता हूं। उन्होंने कहा, "एक देश के रूप में हम कमजोर हो रहे हैं। करोड़ों अमेरिकियों की उम्मीदें पूरी नहीं हो रही हैं। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि बाइडेन को और चार साल का वक्त नहीं मिले। हमारा देश ऐसा नहीं कर सकता।"
ट्रंप ने बताया अगले चुनाव का एजेंडा
2024 के राष्ट्रपति चुनाव के एजेंडा के बारे में ट्रंप ने कहा, "यह कंपेन कई मसलों, विजन और सफलता पर केंद्रित होगा। हम जब तक अपने सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल नहीं कर लेते, हम रुकने वाले नहीं हैं, हम हार मानने वाले नहीं हैं। हमने अपने देश को पहले से ज्यादा ताकतवर बनाया है।"