अमेरिकी हेज फंड पर्शिंग स्क्वायर (Pershing Square) के फाउंडर बिल एक्मैन (Bill Ackman) ने इकनॉमी को लेकर हालात बिगड़ने के संकेत दिए हैं। उनका मानना है कि ब्याज दरों में बार-बार बढ़ोतरी से इकनॉमी में सुस्ती देखने को मिल रही है। एक्मैन ने सीएनबीसी (CNBC) के एक कार्यक्रम में कहा, 'फेडरल रिजर्व शायद ब्याज दरों में और बढ़ोतरी नहीं करेगा। मुझे लगता है कि अर्थव्यवस्था में सुस्ती शुरू हो गई है। ब्याज दरें इस इस स्तर पर पहुंच गई हैं कि अर्थव्यवस्था सुस्त होने लगी है।'
ऊंची महंगाई दर की चुनौती से निपटने के लिए अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों को 2006 के बाद के उच्च स्तर पर पहुंचा दिया है। साथ ही, उसका कहना है कि ब्याज दरें लंबे समय तक इस स्तर पर बनी रहेंगी। फेडरल रिजर्व ने पिछले महीने संकेत दिए थे कि वह ब्याज दरों में एक बार और बढ़ोतरी करेगा। ऐसे में वॉल स्ट्रीट से जुड़े दिग्गजों को अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी की चिंता सताने लगी है। अमेरिकी केंद्रीय बैंक पिछले साल मार्च से ब्याज दरों में लगातार बढ़ोतरी कर रहा है।
एक्मैन ने बताया, ' कर्ज पर ऊंची ब्याज दरें, हाई क्रेडिट कार्ड रेट, इन सबका अर्थव्यवस्था पर असर पड़ना शुरू हो गया है। इकनॉमी अब भी मजबूत बनी हुई है, लेकिन इसके कमजोर होने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था में कमजोरी के कई संकेत दिखने लगे हैं।'
उनका कहना था कि मौजूदा माहौल में लॉन्ग टर्म ट्रेजरी यील्ड भी बढ़ सकती हैं। एक्मैन ने कहा कि वह अभी भी 30 साल के ट्रेजरी बिलों को हेज की तरह छांट रहे हैं। 10 साल के ट्रेजरी नोट की यील्ड 2 अक्टूबर को 4.64 पर्सेंट थी, जबकि पिछले हफ्ते यह 15 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई। एक्मैन का कहना था कि जिन निवेशकों ने लो फिक्स्ड रेट पर शॉर्ट टर्म लोन लिया है और अगर उनके लोन का रेट फिर से तय किया जा रहा है, तो उनके लिए चुनौतीपूर्ण समय हो सकता है।