एक दिन पहले ही खबर आई थी कि टेस्ला के बॉस एलॉन मस्क (Elon Musk) ने Twitter में 9.2% हिस्सेदारी ली है। अब खबर है कि मस्क ट्विटर के बोर्ड में शामिल होंगे। Twitter के CEO पराग अग्रवाल ने मंगलवार 5 अप्रैल को इस बात का ऐलान किया। अग्रवाल ने ट्वीट किया है, "मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी है कि एलॉन मस्क हमारे बोर्ड में शामिल हो रहे हैं। हाल के हफ्तों में एलॉन के साथ ट्विट के जरिए हुई बातचीत से साफ है कि हमारे बोर्ड में उनके शामिल होने से वैल्यू बढ़ेगी।"
इससे एक दिन पहले सोमवार को एलॉन मस्क ने खुलासा किया था कि उन्होंने Twitter में 9.2% हिस्सेदारी ली है। इस डील की वैल्यू करीब 3 अरब डॉलर है। इस खबर के बाद सोमवार को Twitter के शेयरों में 27% की जबरदस्त तेजी आई थी।
Elon Musk ने यह हिस्सेदारी ऐसे समय में खरीदी है, जब कुछ दिनों पहले ही उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि वह एक नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। एलॉन मस्क ट्विटर पर काफी लोकप्रिय हैं और उन्हें 8 करोड़ से अधिक लोग फॉलो करते हैं। हालांकि इसके बावजूद वह कई बार ट्विटर को लेकर आलोचना भी कर चुके हैं।
हाल ही में उन्होंने Twitter पर एक पोल के जरिए यूजर्स से पूछा था कि क्या उन्हें लगता कि ट्विटर बोलने की आजादी के सिद्धांत का कठोरता से पालन करती है और यह लोकतंत्र को खतरे में डालने वाली बात है। मस्क ने यूजर्स को सोच-समझकर वोट देने कहा था और यह भी कहा था कि इस पोल के नतीजे काफी अहम होंगे। पोल में करीब 70 फीसदी यूजर्स ने नहीं में जवाब दिया था।
इसे पोल के बाद Elon Musk ने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि ट्विटर का एल्गोरिदम एक ओपन सोर्स होना चाहिए, जिसे सभी लोग देख सकें। इस पर Twitter के फाउंडर और पूर्व सीईओ जैक डोरसी (Jack Dorsey) ने जवाब देते हुए कहा, "ट्विटर को कौन सा एल्गोरिदम इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं करना चाहिए, यह तय करना भी सबके हाथ में होना चाहिए।"