Imran Khan Arrest: पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) को मंगलवार को अर्धसैनिक बलों ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट (Islamabad HC) के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने ये जानकारी दी है। उनके वकील फैसल चौधरी ने बताया कि खान को रेंजर्स ने उस वक्त हिरासत में लिया, जब रिश्वतखोरी के आरोप में वह अदालत में पेश हुए थे।
पूर्व सूचना मंत्री और PTI के उपाध्यक्ष फवाद चौधरी ने कहा कि अदालत पर “रेंजर्स का कब्जा” है और वकीलों को “यातना दी जा रही है”। उन्होंने कहा, “इमरान खान की कार को घेर लिया गया है।”
अब कौन संभालेगा PTI की कमान?
इस बीच सवाल ये है कि इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद अब उनकी पार्टी को कौन चलाएगा और बड़े राजनीतिक फैसले कैसे लिए जाएंगे? हांलाकि, इमरान इन सवालों का जवाब अपनी गिरफ्तारी से पहले ही दे गए थे।
दरअसल उन्होंने अदालत के सामने पेश होने से कुछ घंटे पहले ही Reuters न्यूज एजेंसी को बताया था कि अगर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है, तो उनके बाद पार्टी को चलाने के लिए उन्होंने एक कमेटी बनाई है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, "अगर में जेल जाता हूं, तो सभी फैसले लेने के लिए, मैंने एक समिति बनाई है। उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ 94 मामले दर्ज हैं।
पूर्व क्रिकेटर ने पिछले साल सत्ता से बाहर होने के बाद देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया था और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे। मंगलवार को जब पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ तीखी झड़पें हुईं।
शनिवार सुबह इस्लामाबाद जाने से पहले उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा, "उनकी जान के लिए खतरा पहले से अब कहीं ज्यादा है।" उन्होंने जोर देकर कहा, "उनके राजनीतिक विरोधी और सेना उन्हें इस साल के आखिर में होने वाले चुनाव में खड़े होने से रोकना चाहते हैं।" उन्होंने अपने इन दावों को लेकर कोई सबूत नहीं पेश किए।
हालांकि, सरकार ने उन आरोपों से इनकार किया है कि उन्होंने जानबूझकर इमरान के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं। जबकि सेना हमेशा से कहती आई है कि उसका देश की राजनीति से कोई लेनादेना नहीं है।
वो बात और है कि पाकिस्तान में सेना की एक बाहरी भूमिका है, जिसने अपने 75 साल के इतिहास के लगभग आधे समय तक देश पर शासन किया है।
इमरान ने कहा कि कोई कारण नहीं है कि उन्हें अभी गिरफ्तार किया जाए, क्योंकि उन्हें अपने सभी मामलों में जमानत मिल चुकी है। अगर किसी मामले में दोषी ठहराया जाता है, तो PTI प्रमुख को नवंबर में होने वाले चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराया जा सकता है।
उन्होंने कहा, "एस्टेब्लिशमेंट को अभी मुझसे कहीं न कहीं खतरा है और बस यही असली मुद्दा है।" खान को गिरफ्तार करने की पुलिस की कोशिश में झड़पें हुईं, जिनमें दर्जनों लोग घायल हो गए।
उन्होंने कहा, "मेरा जीवन पहले से कहीं ज्यादा खतरे में है।" उन्होंने कहा था कि वह अपनी गिरफ्तारी या उनकी हत्या की किसी भी कोशिश को लेकर चिंतित हैं। अपनी गिरफ्तारी के बाद की प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि बहुत कड़ी प्रतिक्रिया होगी और पूरे पाकिस्तान में इसका असर होगा।"
वहीं PTI के एक और नेता अजहर मसवानी ने आरोप लगाया कि रेंजर्स ने अदालत के अंदर से 70 साल के खान का “अपहरण” किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने देश भर में प्रदर्शन का तत्काल आह्वान किया है।
पार्टी के एक और नेता ने ट्विटर पर वीडियो मैसेज में कहा, “वे इमरान खान को प्रताड़ित कर रहे हैं...वे खान साहब को पीट रहे हैं। उन्होंने खान साहब के साथ कुछ किया है।”