Iraq University Fire: नॉर्दन इराक के सोरन में एक बड़ा हादसा हो गया है। सोरन यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस आग में 14 छात्रों की मौत हो गई है। वहीं 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार रात 8.15 बजे हुआ। स्थानीय स्वास्थ्य निदेशालय के प्रमुख ने बताया कि घटना एरबिल के सोरन शहर में हुई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन यह हादसा कैसे और क्यों हुआ? इसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
सोरन के स्वास्थ्य निदेशालय के प्रमुख कामराम मुल्ला मोहम्मद (Kamaram Mulla Mohammed) के मुताबिक, एरबिल के पूर्व में छोटे से शहर सोरन में एक इमारत में आग लग गई। इस हादसे में घायल हुए 18 छात्रों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उन लोगों का इलाज चल रहा है। यूनिवर्सिटी में हुए हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। यूनिवर्सिटी के टीचर और छात्र सभी इस घटना से आहत हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई गई है। ये इलाका कुर्दिस्तान प्रांत में आता है। इराक के प्रधानमंत्री मसरौर बरजानी ने इस घटना को लेकर एक जांच समिति का गठन किया है। उन्होंने इस दर्दनाक घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। बता दें कि इराक में इमारतों में आग लगने जैसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। वहां अक्सर सुरक्षा नियमों को ताक पर रखकर निर्माण किए जाते हैं। इसके अलावा परिवहन क्षेत्रों में भी काफी लापरवाही बरती जाती है। इराक में सरकारी व्यवस्था का बुनियादी ढांचा लगातार ढहता जा रहा है।
इसी साल सितंबर महीने में उत्तरी इराकी शहर काराकोस में एक शादी के हॉल में आग लगने की घटना सामने आई थी। इस शादी समारोह में आग लगने से करीब 100 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना की जांच में पता चला कि इमारत में इमरजेंसी एग्जिट नहीं थे। जांच अधिकारियों ने बताया कि इमारत को सुरक्षा नियमों को नजरअंदाज कर तैयार किया गया था।