Israel-Hamas Ceasefire News : पिछले 15 महीनों से चल रहा इजरायल-हमास संघर्ष आखिरकार रूक गया है। गाजा में शांति का ऐलान हो गया। इजरायल और हमास युद्ध खत्म करने के लिए राजी हो गए हैं। इजरायल की सिक्योरिटी कैबिनेट ने शुक्रवार को हमास के साथ सीजफायर की मंजूरी दे दी है। अब ये पूर्ण कैबिनेट के पास जाएगा, जहां चर्चा होने के बाद पास कराना होगा। इसके बाद ही सीजफायर को लागू किया जाएगा।
बता दें कि इजरायल और हमास, गाजा में युद्धविराम और बंधक रिहाई समझौते को लेकर लंबे समय से बातचीत कर रहे हैं। सीजफायर का निर्णय तब आया जब इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को गाजा के साथ लंबे समय से द्ध विराम समझौते पर मतदान करने के लिए अपने सुरक्षा मंत्रिमंडल को बुलाया। सुरक्षा मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद, गाजा युद्ध विराम समझौता अब अंतिम हस्ताक्षर के लिए पूर्ण मंत्रिमंडल के पास जाएगा, ताकि बंधकों के शुरुआती समूह की रिहाई के साथ रविवार को समझौते को लागू किया जा सके।
दूसरी ओर, इजराइली उच्च न्यायालय समझौते में नियमों और शर्तों के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई करने वाला है। हालांकि, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसके हस्तक्षेप की संभावना नहीं है। 42 दिनों तक चलने वाले समझौते के पहले चरण के तहत, हमास ने 33 बंधकों को रिहा करने पर सहमति व्यक्त की है, जिनमें बच्चे, महिलाएं और 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक हमास द्वारा रिहा की गई प्रत्येक महिला इजरायली सैनिक के बदले में इज़राइल 50 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा और अन्य महिला बंधकों के बदले में 30 कैदियों को रिहा करेगा।
बता दें कि इज़राइल और फिलिस्तीन के बीच 15 महीने तक चले युद्ध में लगभग 48,000 लोग मारे गए। हमास ने 7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल में सीमा पार से हमला करके युद्ध की शुरुआत की, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए और 250 अन्य को बंधक बना लिया गया।