पाकिस्तान सरकार ने 7.91 रुपए प्रति यूनिट बिजली का रेट बढ़ाया, अक्टूबर से 24.8 रुपए होगा एक यूनिट बिजली का दाम

Pakistan News: कमजोर तबके के लोगों का ध्यान रखते हुए पाकिस्तान की सरकार ने ये रेट एकसाथ नहीं बल्कि धीरे-धीरे लागू करने का फैसला किया है। पहले चरण में 26 जुलाई से 3.50 रुपए प्रति यूनिट दाम बढ़ा दिया गया है

अपडेटेड Jul 27, 2022 पर 7:36 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान में महंगाई तेजी से बढ़ रही है

Pakistan News: पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल हो चुकी है। बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है लेकिन पर्याप्त सप्लाई नहीं है। ऐसे में पाकिस्तान की सरकार ने एकबार फिर बिजली का रेट बढ़ा दिया है। पाकिस्तान के पावर मिनिस्टर खुर्रम दस्तगीर ने 26 जुलाई को बताया कि बिजली के रेट में 7.90 रुपए प्रति यूनिट का इजाफा किया गया है।

हालांकि गरीब उपभोक्ताओं का ध्यान रखते हुए सरकार ने ये रेट एकसाथ नहीं बल्कि धीरे-धीरे लागू करने का फैसला किया है। पहले चरण में 26 जुलाई से 3.50 रुपए प्रति यूनिट दाम बढ़ा दिया गया है। इसके बाद और 3.50 रुपए प्रति यूनिट का इजाफा अगस्त से होगा। इसके बाद 0.91 रुपए प्रति यूनिट अक्टूबर से बढ़ाया जाएगा। यानि कुल मिलाकर पाकिस्तान सरकार 7.91 रुपए प्रति यूनिट का इजाफा कर रही है। इस हिसाब से देखें तो पाकिस्तान में अक्टूबर से एक यूनिट बिजली का रेट बढ़कर 24.8 रुपए पहुंच जाएगा।

दस्तगीर ने कहा कि कंज्यूमर्स के लिए पहले तीन महीने मुश्किल होंगे। इसके बाद नवंबर के बाद से बिजली की कीमत घटने लगेंगी।

क्या चीन की इकोनॉमी बर्बाद होने वाली है?


100 यूनिट बिजली फ्री

हालांकि पाकिस्तान की सरकार ने गरीब उपभोक्ताओं का खास ध्यान रखा है। इसके तहत जिन लोगों का बिजली बिल हर महीने 100 यूनिट से कम होता है उनपर यह बढ़ोत्तरी लागू नहीं होगी। इसके अलावा 101-200 यूनिट खर्च करने वाले प्रोटेक्टेड कैटेगरी के उपभोक्ताओं का भी बिजली पर खर्च नहीं बढ़ेगा।

पेट्रोल-डीजल पहले से महंगा

इस महीने की शुरुआत में ही पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ा दिए थे। पाकिस्तान की सरकार ने पेट्रोल पर 10 रुपए प्रति लीटर और डीजल, केरोसिन तेल पर 5 रुपए प्रति लीटर पेट्रोलियम लेवी लगाने का फैसला किया है। पाकिस्तान में सरकार के इस फैसले के बाद पेट्रोल की कीमत में 14.85 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। वहां अब पेट्रोल 248.74 रुपये प्रति लीटर है। वहां हाई स्पीड डीजल की कीमतों में 13.23 रुपये और मिट्टी के तेल में 18.83 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। पाकिस्तान में अब हाईस्पीड डीजल 276.54 रुपये प्रति लीटर तो मिट्टी का तेल 230.26 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।