Get App

पाकिस्तान के PM इमरान खान को बड़ी राहत, नेशनल असेंबली में जीता विश्वास मत

स्पीकर ने कहा कि आठ साल पहले, प्रधानमंत्री इमरान 176 वोट के साथ इस पद के लिए चुने गए थे, आज उन्होंने 178 वोट हासिल किए हैं

MoneyControl Newsअपडेटेड Mar 07, 2021 पर 8:59 AM
पाकिस्तान के PM इमरान खान को बड़ी राहत, नेशनल असेंबली में जीता विश्वास मत

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ( Pakistan PM Imran Khan) ने नेशनल असेंबली में विश्वास मत (vote of confidence) जीत लिया है। पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान ने 178 वोटों के साथ शनिवार को विश्वास मत जीत लिया। बुधवार को सीनेट के चुनाव में वित्त मंत्री अब्दुल हफीज शेख (Hafeez Shaikh) की हार से फजीहत झेल रही इमरान सरकार को बड़ी राहत मिली है।

पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक, विश्वास मत जीतने के लिए खान को 172 मतों की आवश्यकता थी। परिणाम की घोषणा करते हुए स्पीकर ने कहा कि आठ साल पहले, प्रधानमंत्री इमरान 176 वोट के साथ इस पद के लिए चुने गए थे। आज उन्होंने 178 वोट हासिल किए हैं। विश्वास मत से पहले विपक्षी दलों ने संसद का बहिष्कार करने का फैसला किया। बता दें कि पाकिस्तान (Pakistan) में बुधवार को हुए सीनेट चुनाव में वित्त मंत्री अब्दुल हाफीज शेख की हार से खान को बड़ा झटका लगा।

इस हार के बाद विपक्ष की मांग पर इमरान खान शनिवार को पाकिस्तानी संसद में विश्वासमत हासिल करने का ऐलान किया था। पाकिस्तान की सत्ताधारी यानी इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने सीनेट की सबसे चर्चित इस्लामाबाद (Islamabad) सीट हारने के बाद यह घोषणा की थी। इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (Pakistan Tehreek-e-Insaf) ने सीनेट चुनाव में 18 सीटें हासिल की है।

विपक्षी दलों का कहना था कि सीनेट चुनाव में उनके प्रत्याशी की जीत ही प्रधानमंत्री के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव था। पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने कहा कि विपक्ष का कोई सदस्य नेशनल असेंबली की बैठक में भाग नहीं लेगा। इससे पहले इमरान खान ने संसद में अपनी रणनीति तय करने के लिए शुक्रवार को सहयोगी दलों के साथ बैठक की।

गौरतलब है कि सीनेट के चुनाव में  सत्तारूढ़ पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रत्याशी अब्दुल हफीज शेख को पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट के उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने हरा दिया। यह इमरान सरकार के लिए बड़ा झटका  है। इमरान खान ने खुद शेख के लिए प्रचार किया था। गिलानी की जीत से उत्साहित विपक्षी दलों ने इमरान का त्यागपत्र मांगना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि इमरान खान ने नेशनल असेंबली में विश्वास मत हासिल करने की घोषणा कर दी।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें