ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में शख्स को जिंदा निगल गई शार्क, कई समुद्री तटों को किया गया बंद, देखें रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो

ऑस्ट्रेलियाई शहर सिडनी में सार्क के घातक हमले के बाद कई समुद्र तटों को बंद कर दिया गया है, रिपोर्ट के अनुसार यह फैसला शार्क हमले में एक तैराक के मारे जाने के बाद लिया गया है

अपडेटेड Feb 17, 2022 पर 5:41 PM
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो में व्हाइट शार्क समुद्र में तैर रहे शख्स पर हमला करते हुए दिख रही है और देखते ही देखते चंद मिनटों वह उसे पूरा निगल गई

Sydney Shark Attack: ऑस्ट्रेलिया में शार्क के हमले में एक तैराक के मारे जाने के बाद प्रतिष्ठित बोंडी और ब्रोंटे सहित सिडनी के कई समुद्री तटों को गुरुवार को बंद कर दिया गया, जो लगभग 60 वर्षों में शहर के किसी बीच पर इस तरह की पहली मौत हुई है। ऑस्ट्रेलिया की पुलिस का कहना है कि यह हमला बुधवार को सिडनी के पास समुद्र तट पर हुआ। पुलिस ने कहा कि उन्होंने मारे गए व्यक्ति के अवशेष पानी से निकाल लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, शहर के किसी बीच के पास 60 बरसों में जान लेने वाली ऐसी पहली घटना है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े शहर सिडनी से लगभग 20 किलोमीटर (12 मील) दूर दक्षिण में लिटल बे बीच के पास तैराक पर शार्क का हमला होते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा मछली पकड़ रहे एक शख्स ने ऑस्ट्रेलियाई प्रसारक एबीसी को बताया कि उसने तैराक को देखा था, जिसे शार्क खींचकर पानी के अंदर ले गई।

शख्स के मुताबिक, जब वह पानी के अंदर जा रहा था, तो पानी में बहुत उथल पुथल हो रही थी, जो बहुत ही भयानक था। उसने कहा कि मैं अब भी कांप रहा हूं। चंद सेकंडों के भीतर यह सब हुआ। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक विशालकाय शार्क समुद्र में तैरते हुए शख्स पर हमला कर रही है।


तैराक शार्क से पीछा छुड़ाने की लाख कोशिश करता है लेकिन असफल रहता है और अंतत: शार्क उसे पूरा निगल जाती है। मौके पर मौजूद चश्मदीदों का कहना है कि तैराक पर लगभग साढ़े चार मीटर की शार्क ने हमला किया। स्थानीय प्रशासन ने 24 घंटे के लिए आसपास के सभी बीचों को बंद कर दिया है और वे खतरे का मूल्यांकन करने के लिए गश्त कर रहे हैं।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वीडियो में व्हाइट शार्क समुद्र में तैर रहे शख्स पर हमला करते हुए दिख रही है और देखते ही देखते चंद मिनटों वह उसे पूरा निगल गई। समुद्र के किनारे खड़े लोगों ने इस पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा और उन्हीं में से एक शख्स ने पूरे घटनाक्रम को अपने कैमरे में कैद कर लिया। बीच के किनारे खड़े असहाय लोग जोर-जोर से चिल्लाते रहे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।

वीडियो में एक शख्स चिल्लाता हुआ सुनाई दे रहा कि अभी अभी शार्क ने किसी को खाया है। अधिकारियों ने लोगों को गर्मी के दिनों में पानी से बाहर रहने का आदेश दिया है, क्योंकि तापमान 30 डिग्री सेल्सियस (86 डिग्री फारेनहाइट) के आसपास रहता है। पुलिस ने अभी तक तैराक की पहचान का खुलासा नहीं किया है और आगे की जांच जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।