राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के एग्जिक्यूटिव ऑर्डर के बाद पाकिस्तान को दी जाने वाली अमेरिकी मदद पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही पाकिस्तान को दी जा रही सहायता के पुनर्मूल्यांकन का भी आदेश है। जियो न्यूज के मुताबिक, इस फैसले की वजह से पाकिस्तान में यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट एजेंसी (USAID) की कई जरूरी योजनाएं पूरी तरह रुक गई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक इस फैसले से पाकिस्तान में एनर्जी सेक्टर से जुड़ी 5 योजनाएं ठप हो गई हैं। इसके अलावा हेल्थ, एग्रीकल्चर, फूड सिक्योरिटी, बाढ़, जलवायु और शिक्षा से जुड़ी कई परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। आशंका है कि इनमें से कुछ प्रोग्राम हमेशा के लिए बंद कर दिए जाएंगे या उनमें काफी कमी कर दी जाएगी।
इससे पहले ट्रंप एडमिनिस्ट्रेशन ने इजराइल, मिस्र और फूड प्रोग्राम को छोड़कर विदेशी देशों को मिलने वाली सभी मदद पर रोक लगाने का फैसला किया था। खबरों के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्रालय के इस आदेश में गरीब देशों को मिलने वाली स्वास्थ मदद पर भी रोक लगा दी गई है।
अमेरिका की यूएस एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट एजेंसी पूरी दुनिया में डेवलपमेंट कार्यों के लिए मदद देती है। इस मकसद लोकतंत्र को बढ़ावा देना और गरीबी कम करना है।