US Mass Shooting: अमेरिका के मेन (Maine) राज्य के लेविस्टन शहर में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक शख्स की ओर से अंधाधुंध गोलीबारी (फायरिंग) की घटना सामने आई है। इस फायरिंग में 22 लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि इस अंधाधुंध फायरिंग में 50-60 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कुछ लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशका जताई जा रही है। फायरिंग की घटना को अंजाम देने के बाद से संदिग्ध शख्स फरार है।
उसके पास एक लंबी बंदूक थी। जिसके जरिए वो लोगों पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहा था। एंड्रोस्कोगिन काउंटी शेरिफ कार्यालय (पुलिस) ने अपने फेसबुक पेज पर संदिग्ध की दो तस्वीरें जारी की है। जिसमें एक बंदूकधारी अपने कंधे पर हथियार उठाए हुए एक प्रतिष्ठान पर दाखिल हो रहा है।
पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
पुलिस ने हमलावर की फोटो जारी करते हुए लोगों से मदद मांगी है। फोटो में लंबी बाजू की शर्ट और जींस पहने एक दाढ़ी वाला शख्स राइफल के जरिए फायरिंग में जुटा हुआ है। लेविस्टन में सेंट्रल मेने मेडिकल सेंटर ने एक बयान जारी कर कहा कि बड़े पैमाने पर लोग हताहत हुए हैं। घायलों को कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लेविस्टन एंड्रोस्कोगिन काउंटी का हिस्सा है और मेने के सबसे बड़े शहर पोर्टलैंड से करीब 56 किमी दूर है। एंड्रोस्कोगिन काउंटी शेरिफ के ऑफिस ने बयान जारी कर कहा कि हम मामले की जांच रहे हैं और सभी कारोबारियों को अपनी दुकानें बंद करने के लिए अपील कर रहे हैं।
मेने डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी के एक प्रवक्ता ने लोगों से घरों में रहने की अपील की है। इसके साथ ही घरों के दरवाजों को भी बंद रखने की सलाह दी गई है। साल साल 2022 के बाद से लेविस्टन हमले को सबसे बड़ा माना जा रहा है। पिछले साल मई में टेक्सास के उवाल्डे में एक प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया था। जिसमें 19 बच्चों समेत दो टीचर की मौत हो गई थी।