₹1000 की SIP से ₹5 लाख का फंड! कितना समय लगेगा, कितना मिलेगा रिटर्न? समझिए पूरा कैलकुलेशन
SIP return calculation: ₹1,000 की मासिक SIP से ₹5 लाख का फंड बन सकता है, बस समय और रिटर्न का सही मेल जरूरी है। 10%, 12% और 15% रिटर्न पर कितना समय लगेगा और कितना निवेश होगा, पूरा कैलकुलेशन समझिए।
SIP में असली कमाल कंपाउंडिंग दिखाती है, और उसके लिए समय चाहिए।
SIP return calculation: म्यूचुअल फंड SIP यानी Systematic Investment Plan को लॉन्ग टर्म वेल्थ बनाने का सबसे आसान और अनुशासित तरीका माना जाता है। इसमें आप 100 रुपये जैसी छोटी रकम के साथ हर महीने निवेश कर सकते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि सिर्फ ₹1,000 जैसी छोटी रकम से क्या बड़ा फंड बन सकता है।
आइए जानते हैं कि अगर आप हर महीने ₹1,000 की SIP करते हैं, तो ₹5 लाख का फंड बनाने में कितना समय लगेगा। वो भी अलग-अलग रिटर्न के हिसाब से।
SIP में कंपाउंडिंग कैसे काम करती है?
SIP में हर महीने निवेश की गई रकम अलग-अलग समय के लिए निवेशित रहती है। जो पैसा पहले लगाया जाता है, उसे ज्यादा समय मिलता है बढ़ने का। इसी को कंपाउंडिंग कहा जाता है। रिटर्न जितना ज्यादा होगा, उतनी ही तेजी से फंड बढ़ेगा और लक्ष्य तक पहुंचने में कम समय लगेगा।
10% सालाना रिटर्न पर कितना समय लगेगा?
अगर आपकी SIP से औसतन 10% सालाना रिटर्न मिलता है, तो ₹1,000 की मासिक SIP से ₹5 लाख का फंड बनाने में करीब 16 साल 6 महीने का समय लगेगा।
इस दौरान आपका कुल निवेश करीब ₹1.98 लाख होगा, जबकि बाकी रकम कंपाउंडिंग से बनेगी। यह रिटर्न आमतौर पर कंजरवेट इक्विटी या बैलेंस्ड फंड्स में लंबे समय में देखा जाता है।
12% सालाना रिटर्न पर कितना समय लगेगा?
अगर रिटर्न थोड़ा बेहतर होकर 12% सालाना रहता है, तो यही लक्ष्य करीब 15 साल में हासिल हो सकता है।
इस स्थिति में आपका कुल निवेश ₹1.80 लाख रहेगा। इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में लॉन्ग टर्म एवरेज के तौर पर 12% रिटर्न को काफी रियलिस्टिक माना जाता है।
15% सालाना रिटर्न पर कितना समय लगेगा?
अगर बाजार अच्छा साथ देता है और आपको 15% सालाना रिटर्न मिल जाता है, तो ₹5 लाख का फंड बनने में करीब 13 साल 3 महीने का समय लगेगा।
इस केस में कुल निवेश सिर्फ ₹1.59 लाख होगा। हालांकि 15% रिटर्न संभव है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी ज्यादा होता है और निवेशक को धैर्य रखना जरूरी होता है।
₹1,000 SIP से ₹5 लाख बनने का पूरा कैलकुलेशन
सालाना रिटर्न
समय (लगभग)
कुल निवेश
फाइनल फंड वैल्यू
10%
16.5 साल
₹1.98 लाख
₹5 लाख
12%
15 साल
₹1.80 लाख
₹5 लाख
15%
13.25 साल
₹1.59 लाख
₹5 लाख
निवेशकों के लिए अहम सीख
इस पूरे कैलकुलेशन से एक बात साफ है कि रकम छोटी हो सकती है, लेकिन समय बड़ा होना चाहिए। SIP में जल्दी शुरू करना ज्यादा जरूरी है, ज्यादा पैसा लगाना नहीं।
अगर आप 2-3 साल देर से शुरुआत करते हैं, तो वही लक्ष्य पाने के लिए आपको ज्यादा SIP करनी पड़ सकती है। अगर आप लॉन्ग टर्म सोच के साथ SIP शुरू करते हैं, तो यही छोटी शुरुआत आगे चलकर आपकी मजबूत फाइनेंशियल नींव बन सकती है।
SIP में इन बातों का रखें ध्यान
SIP किस मकसद के लिए कर रहे हैं- घर, रिटायरमेंट या बच्चों की पढ़ाई... इसे सबसे पहले तय करें। लक्ष्य तय होगा तो निवेश की अवधि और जोखिम अपने आप स्पष्ट हो जाएगा।
SIP में असली कमाल कंपाउंडिंग दिखाती है, और उसके लिए समय चाहिए। जितना जल्दी शुरू करेंगे और जितना लंबा टिके रहेंगे, फायदा उतना ज्यादा होगा।
शेयर बाजार गिरता है तो SIP बंद करने के बजाय जारी रखें, क्योंकि गिरावट में ज्यादा यूनिट्स मिलती हैं। लंबे समय में यही औसत लागत को नीचे लाती है।
म्यूचुअल फंड में ज्यादा रिटर्न के चक्कर में जरूरत से ज्यादा रिस्क न लें। अपनी आय, खर्च और मानसिक सहनशक्ति के हिसाब से फंड चुनना जरूरी है।
साल में एक बार SIP की समीक्षा करें कि वह लक्ष्य के हिसाब से चल रही है या नहीं। लेकिन हर बाजार मूवमेंट पर फंड बदलना नुकसानदायक हो सकता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।