8th Pay Commission: सैलरी और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर! 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट पर आया ये नया अपडेट

8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। आयोग के गठन को एक साल से ज्यादा हो गया है और देशभर की प्रमुख यूनियनों के साथ ताबड़तोड़ बैठकें जारी हैं। लेकिन क्या फिटमेंट फैक्टर और सैलरी हाइक पर कोई फैसला हो गया है? आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी लेटेस्ट अपडेट्स से क्या संकेत मिल रहे हैं, जानिए

अपडेटेड Nov 14, 2026 पर 11:15 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सैलरी, भत्तों और पेंशन में होने वाले वास्तविक बदलावों की तस्वीर जल्द ही साफ होगी

8th Pay Commission Update: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें इन दिनों 8वें वेतन आयोग की हर हलचल पर टिकी हुई हैं। जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में 3 नवंबर 2025 को गठित हुए इस आयोग को बने हुए अब 1 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। टर्म्स ऑफ रेफरेंस के मुताबिक, इस 3 सदस्यीय पैनल को अपनी अंतिम रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपने के लिए गठन की तारीख से कुल 18 महीने का समय दिया गया है।

अपनी रिपोर्ट को ठोस और व्यवहारिक बनाने के लिए आयोग लगातार देशभर के प्रमुख कर्मचारी संगठनों और यूनियनों के साथ संवाद कर रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट 8cpc.gov.in सबसे बड़ा और भरोसेमंद माध्यम बनी हुई है।

देशभर में कर्मचारी संगठनों के साथ हुईं ताबड़तोड़ बैठकें


एक सार्थक रिपोर्ट तैयार करने के उद्देश्य से 8वें वेतन आयोग ने बीते एक साल में कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की हैं। आयोग ने नेशनल काउंसिल - जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी(NC-JCM), भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ(BPMS) और फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गनाइजेशन( FNPO) जैसे बड़े संगठनों के साथ गहन विचार-विमर्श किया है।

ये बैठकें नई दिल्ली, लद्दाख, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित की गईं। इन बैठकों का मुख्य केंद्र सेवारत कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं को सुनना था। इस दौरान यूनियनों की ओर से फिटमेंट फैक्टर (जैसे- NC-JCM द्वारा रखा गया 3.833 का प्रस्ताव), न्यूनतम वेतन, भत्ते और पेंशन संशोधन जैसी कई अहम मांगें आयोग के सामने रखी गई हैं।

आधिकारिक वेबसाइट पर क्या चल रहा है?

14 नवंबर 2026 तक की स्थिति के अनुसार, आयोग की आधिकारिक वेबसाइट 8cpc.gov.in के ‘What's New’ सेक्शन में जारी नोटिस और अपडेट्स बताते हैं कि आयोग ने पिछले कुछ महीनों में अपनी प्रशासनिक और रिसर्च क्षमता को मजबूत करने पर खास ध्यान दिया है। देश के प्रमुख शहरों में हुई बैठकों ने मान्यता प्राप्त यूनियनों को सीधे आयोग के सामने अपने सुझाव रखने का मंच प्रदान किया है।

  • आयोग की अध्यक्ष: जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई
  • गठन की तारीख: 3 नवंबर 2025 (1 वर्ष से अधिक पूरा)
  • रिपोर्ट सौंपने की समयसीमा: गठन से 18 महीने (ToR के अनुसार)
  • आधिकारिक वेबसाइट: 8cpc.gov.in
  • वेतन/फिटमेंट पर घोषणा: अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं

कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए इन अपडेट्स का क्या मतलब है?

आयोग की सक्रियता यह साफ दर्शाती है कि परामर्श प्रक्रिया सही दिशा में आगे बढ़ रही है। वैसे केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह समझना बेहद जरूरी है कि आधिकारिक वेबसाइट पर जारी इन नोटिस में संभावित फिटमेंट फैक्टर, न्यूनतम बेसिक पे, पेंशन रिवीजन या नए पे मैट्रिक्स को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।

सैलरी, भत्तों और पेंशन में होने वाले वास्तविक बदलावों की तस्वीर तभी साफ होगी, जब 3 सदस्यीय पैनल अपनी अंतिम रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगा। तब तक कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर चल रही सैलरी हाइक से जुड़ी किसी भी अफवाह पर भरोसा करने के बजाय केवल आधिकारिक वेबसाइट की सूचनाओं पर ही विश्वास करना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।